नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल (AEKC) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लग्जरी कार चोरी करने वाले एक इंटर-स्टेट गैंग का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पंजाब के रहने वाले 4 रिसीवरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की गईं कुल 21 लग्जरी कारें बरामद की हैं। इन कारों में फर्जी नंबर प्लेट और फर्जी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट लगे हुए थे।
क्राइम ब्रांच की टीम को लगातार मिल रही कार चोरी की घटनाओं के बाद एक स्पेशल टीम बनाई गई, टीम ने सीसीटीवी फुटेज और चोरी के तरीकों का गहराई से जांच की, जांच में पता चला कि आरोपी अधिकतर आधी रात को ही चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं और उनके निशाने पर महंगी गाड़ियां होती हैं। कुछ मुखबिरों से जानकारी मिली कि पंजाब के कुछ लोग दिल्ली से चोरी की गाड़ियां खरीदकर पंजाब के सीमावर्ती जिलों में बेच रहे हैं।
डीएनडी पर जाल बिछाकर पकड़ा
7 मई को पुलिस को सूचना मिली कि एक आरोपी अवतार सिंह उर्फ सनी अरोड़ा, चोरी की एक नीले रंग की बलेनो कार में अपने साथी के साथ डीएनडी फ्लाईओवर से होते हुए केएमपी के रास्ते पंजाब जा रहा है। टीम ने डीएनडी पर जाल बिछाया और शाम 6.30 बजे आरोपियों को पकड़ लिया। उनके पास से चोरी की बलेनो कार, फर्जी नंबर प्लेट और फर्जी आरसी मिली। जांच में पता चला कि यह कार 30 अप्रैल को साकेत थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
पंजाब में चोरी की गाड़ियां बेचते थे
गिरफ्तार आरोपियों अवतार सिंह और हरप्रीत सिंह ने बताया कि वे पंजाब में चोरी की गाड़ियां बेचते हैं। उन्हें ये गाड़ियां डैशरथ और राज कुमार नाम के लोगों से मिलती थीं। पूछताछ के बाद पुलिस ने अमृतसर और तरनतारण में छापेमारी कर दो और आरोपियों – परमदीप उर्फ लोटे और मनप्रीत उर्फ बाउ को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने 21 महंगी गाड़ियां बरामद कीं, जिनमें फॉर्च्यूनर, थार, किआ, क्रेटा जैसी गाड़ियां शामिल हैं।
चोरी का तरीका (Modus Operandi):
ये गैंग चोरी की महंगी गाड़ियां 4-5 लाख रुपये में खरीदता था, उनके इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ करता था और फर्जी आरसी बनवाकर पंजाब में ऊंचे दामों पर बेच देता था।
अवतार सिंह उर्फ सनी अरोड़ा (40) – अमृतसर का रहने वाला, पहले प्रॉपर्टी डीलर था, अब सब्जी बेचता है। पहले भी ऑटो चोरी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।
हरप्रीत सिंह उर्फ हनी (32) – बीसीए किया है, साइप्रस में रह चुका है, लौटकर सब्जी बेचने लगा। जेल में अवतार से मुलाकात के बाद इस धंधे में जुड़ गया।
परमदीप उर्फ लोटे (42) – लुधियाना का रहने वाला, पहले ऑटो पार्ट्स की फैक्ट्री चलाता था, नुकसान के बाद चोरी की गाड़ियों की खरीद-बिक्री करने लगा।
मनप्रीत उर्फ बाउ (29) – फिरोजपुर निवासी, सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा धारक, पहले ड्राइवर था, अब चोरी की गाड़ियों का रिसीवर बन गया।
बरामद गाड़ियों की लिस्ट में शामिल हैं: मारुति बलेनो, हुंडई क्रेटा, टाटा हैरियर, किआ, फॉर्च्यूनर, महिंद्रा थार, ब्रेज़ा, स्विफ्ट, स्कॉर्पियो आदि।
दिल्ली पुलिस ने इनके पास से कुल 21 लग्जरी गाड़ियां बरामद की गिरफ्तार आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं। पूछताछ जारी है और संभावना है कि इस गिरोह से जुड़े और भी लोग व गाड़ियां जल्द सामने आएंगे। (ब्यूरो इनपुट)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
