दिल्ली

Sundays on Cycle: नया फैशन बने साइकिलिंग, फिट इंडिया-पॉल्यूशन फ्री इंडिया हो हमारा लक्ष्य; खेल मंत्री ने साइकिल चलाकर दिया संदेश

'फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल' कार्यक्रम में भारत के ओलंपियन पदकधारी खिलाड़ियों, शिक्षकों और इन्फ्लुएंसर के साथ खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने साइकिल चलाकर फिट इंडिया मुहिम को नई धार दी। उन्होंने कहा कि हम डिजिटल युग में हैं, लेकिन हमें अपनी शारीरिक फिटनेस को भी बेहतर बनाना है। इसलिए हमें डिजिटल गतिविधियों से शारीरिक गतिविधियों की ओर बढ़ना होगा।

Image

'फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल' कार्यक्रम में खेल मंत्री

दिल्ली : राजधानी स्थित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम रविवार सुबह फिटनेस और प्रेरणा के उत्सव में तब्दील हो गया, जब ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के नए संस्करण में 750 प्रतिभागियों, जिनमें शिक्षक, खिलाड़ी, फिट इंडिया इन्फ्लुएंसर्स और फिटनेस प्रेमी शामिल थे, उन्होंने जोश के साथ भाग लिया। इस पहल की अगुवाई केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने की।उन्होंने केंद्रीय खेल सचिव हरि रंजन राव और राष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ साइकिल चलाई। इनमें टोक्यो ओलंपिक रजत पदक विजेता रवि दहिया, ओलंपियन एवं राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता दीपक पूनिया, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्डधारी रोहताश चौधरी (पुश-अप मैन ऑफ इंडिया), और प्रसिद्ध पर्वतारोही नरेंद्र कुमार शामिल थे, जिन्होंने हाल ही में विश्व की दसवीं सबसे ऊंची चोटी माउंट अन्नपूर्णा (8091 मीटर) को मात्र 12 दिनों में फतह किया।

खेल मंत्री ने युवाओं से की बड़ी अपील

इस सप्ताह का विषय ‘शिक्षकों के साथ साइकिलिंग था, जिसमें राजधानी के विभिन्न स्कूलों, विश्वविद्यालयों और निजी संस्थानों के शिक्षक, मार्गदर्शक और अकादमिक कोच शामिल हुए। डॉ. मांडविया ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक हमारे छात्रों के लिए नायक होते हैं और अब आपको विकसित भारत के लिए नायक बनना है। आप साइक्लिंग को एक नया फैशन बना सकते हैं। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि शिक्षक खुद साइकिल चलाना शुरू करें और अपने छात्रों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। हम डिजिटल युग में हैं, लेकिन हमें अपनी शारीरिक फिटनेस को भी बेहतर बनाना है। इसलिए हमें डिजिटल गतिविधियों से शारीरिक गतिविधियों की ओर बढ़ना होगा। यही ‘मोटापे के खिलाफ लड़ाई’ और फिट इंडिया एवं विकसित भारत की हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित दृष्टि को साकार करेगा।

यह विशेष आयोजन शिक्षकों के साथ मिलकर हमारे प्रमुख सहयोगी-साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI), MY भारत और राज्य सरकारों के सहयोग से आयोजित किया गया। विशेष सहयोगियों में फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (PEFI), दिल्ली विश्वविद्यालय, सीबीएसई और सीआईएससीई बोर्ड, केंद्रीय विद्यालय, नेशनल प्रोग्रेसिव स्कूल कॉन्फ्रेंस, नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज़ यूनिवर्सिटी, योगासन इंडिया, इंडियन रोप स्किपिंग फाउंडेशन आदि शामिल रहे।

पहलवान रवि दहिया ने कही ये बात

पहलवान रवि दहिया और दीपक पूनिया ने युवाओं और शिक्षकों से अपील की कि वे दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को अपनाएं। रवि दहिया ने कहा कि यह एक बेहद महत्वपूर्ण आंदोलन है जो सरकार द्वारा शुरू किया गया है ताकि शारीरिक फिटनेस को गंभीरता से लिया जाए। ‘शरीर ही शक्तिमान है’ – इस मंत्र को याद रखकर हर व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम 1-2 घंटे साइक्लिंग जरूर करनी चाहिए।

प्रदूषण मुक्त भारत की ओर बढ़ाएं कदम

टोक्यो ओलंपिक में पदक से चूकने वाले दीपक पूनिया ने कहा कि मैं इस आंदोलन को एक प्रशंसनीय पहल मानता हूं और मानता हूं कि हर किसी को साइक्लिंग को अपनाना चाहिए क्योंकि यह फिटनेस बढ़ाने के साथ-साथ प्रदूषण मुक्त भारत की दिशा में भी योगदान करता है।

पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने, जो हाल ही में माउंट अन्नपूर्णा पर चढ़े हैं, कहा कि मेरे अनुसार बेहतर स्वास्थ्य की शुरुआत साइक्लिंग से हो सकती है। ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ इस उद्देश्य के लिए एक बेहतरीन माध्यम प्रतीत होता है। अन्नपूर्णा पर चढ़ना निश्चित ही कठिन था, लेकिन निरंतर फिटनेस का अभ्यास ही इसकी सफलता की कुंजी रहा। यह आंदोलन भी यही संदेश देता है।”

‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ पहल दिसंबर 2024 में शुरू होने के बाद से अब तक 5000 से अधिक स्थानों से 2.5 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच चुकी है। इस साइक्लिंग अभियान का दायरा अंडमान और निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और लक्षद्वीप जैसे सुदूर क्षेत्रों तक फैला हुआ है। देशभर में यह आयोजन एक साथ आयोजित होता है जिसमें साई के रीजनल सेंटर्स, नेशनल सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस (NCOEs), साई ट्रेनिंग सेंटर्स, साई एक्सटेंशन सेंटर्स, खेलो इंडिया सेंटर्स (KICs) और खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र (KISCEs) जैसे संस्थान सक्रिय रूप से भाग लेते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article