दिल्ली: वेस्ट डिस्ट्रिक स्थित हरी नगर की एक बिल्डिंग में बुधवार को आग लग गई। आग की वजह से घबराए कई बच्चों ने कूद कर अपनी जान बचाई है। बिल्डिंग में स्टूडेंट के लिए पीजी चल रही थी। फिलहाल, दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया है।
बच्चों में डर का माहौल
दरअसल, बुधवार दोपहर वेस्ट डिस्ट्रिक फायर ब्रिगेड टीम को सूचना मिली कि हरी नगर इलाके में एक बिल्डिंग में आग लग गई है। सूचना पाते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान कई बच्चे आग से बचने की जद्दोजहद करते नजर आ रहे थे वो बिल्डिंग से कूद रहे थे। फायर ब्रिगेड ने बच्चों को तुरंत आश्वासन देते हुए कूदने से रोका और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। थोड़ी देर बाद फायर ब्रिगेड ने प्राथमिक तौर पर आग पर काबू पाया फिर बच्चों को रेस्क्यू कर बिल्डिंग से निकाला। बच्चों के अंदर डर का माहौल देखने को मिला।
बिल्डिंग में चल रही थी पीजी
फायर ब्रिगेड की टीम के मुताबिक, हादसे में किसी भी बच्चे को नुकसान नहीं हुआ है। शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन हादसे के अन्य कारणों की भी जांच-पड़ताल की जा रही है। फायर ब्रिगेड ने भी बताया कि जिस बिल्डिंग में आग लगी थी, उसमें PG चलाई जा रही थी। बड़ी संख्या में बच्चे इस पीजी में रह रहे थे, लेकिन यहां फायर फाइटिंग की कोई व्यवस्था नहीं थी। अगर, समय से आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ी घटना घट सकती थी। बच्चों ने बताया कि आग लगने के बाद अचानक से बिल्डिंग में धुआं भर गया। सीढ़ी की ओर जाने वाले रास्ते में भी धुआं फैला हुआ था, इस वजह से उनको खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाना ही सही लगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
