Dwarka Expressway: दिल्ली और गुरुग्राम के बीच जाम का झाम झेल रहे लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। एनएचएआई द्वारा तैयार किया गया द्वारका एक्सप्रेसवे गुरुवार से टनल सहित खोला जा सकता है। फिलहाल इसका 10 किमी लंबा हिस्सा ट्रायल के लिए खुलेगा। इस दौरान दिन में सिर्फ तीन घंटे तक इस पर वाहनों की आवाजाही होगी। इस एक्सप्रेसवे के खुलने से द्वारका, महिपालपुर, गुरुग्राम जैसी जगहों पर जाने वालों का सफर आसान हो जाएगा।
19 किमी का हिस्सा पहले से चालू
दिल्ली और गुरुग्राम के बीच ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे को बनाया गया है। 29 किमी लंबे इस एक्सप्रेसवे का 19 किमी हिस्सा हरियाणा में है, जिस पहले ही आम जनता के लिए खोला जा चुका है। इस एक्सप्रेसवे का शेष 10 किमी का हिस्सा दिल्ली के शिवमूर्ति चौक से हरियाणा की सीमा तक है। यह निर्माणाधीन हिस्सा अब पूरी तरह से बनकर तैयार हो गया है। इस हिस्से में 3.6 किमी का सेक्शन टनल और बाकी हिस्सा एलिवेटेड है।
दिल्ली-राजस्थान के बीच आसान सफर
यह 8 लेन का द्वारका एक्सप्रेसवे दिल्ली के शिव मूर्ति चौक से गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा तक बनाया गया है। इसके शुरू होने से दिल्ली से गुरुग्राम के बीच आवाजाही आसान हो जाएगी। टनल से सफर करने वाले वाहन चालक शिव मूर्ति चौक से निकलकर सीधे गुरुग्राम के अंतिम छोर यानी खेड़की दौला टोल तक पहुंट जाएंगे। इसके अलावा इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से लोग दिल्ली से राजस्थान के बीच बिना ट्रैफिक में फंसे हुए सफर कर सकेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
