दिल्ली

Durga Puja: दिल्ली में अनोखे अंदाज में सज रहा दरबार, पंडाल में होंगे केदारनाथ के भी दर्शन

दुर्गा पूजा आने में कुछ ही समय बचा हुआ है, ऐसे में देश के अलग अलग हिस्सों में पूजा की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। दिल्ली में भी माता का भव्य दरबार सजाने के लिए आयोजक कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। यहां पर अधिकतर आयोजकों ने पर्यावरण से जुड़ी हुई थीम को पंडाल की सजावट के लिए चुना है।

Image

दिल्ली में सज रहा दुर्गा पूजा पंडाल (फोटो साभार - ट्विटर)

KEY HIGHLIGHTS
  • दिल्ली में दुर्गा पूजा की तैयारी चालू
  • पर्यावरण से जुड़ी थीम पर सज रहा पंडाल
  • पश्चिम बंगाल से आ रही माता की मूर्ति

Durga Puja Pandal: दिल्ली में दुर्गा पूजा के लिए माता का दरबार सजना शुरू हो गया है। आयोजन समितियां अपनी दुर्गा पूजा को स्पेशल और ट्रडिशनल बनाने के लिए जुट गई हैं। अलग-अलग थीम पर पंडाल सजाए जा रहे हैं। मयूर विहार फेज 2 के पॉकेट ए-1 में जहां केदारनाथ की थीम पर सजावट का काम चल रहा है, वहीं रोहिणी में गांव की थीम पर माता का दरबार सजाया जा रहा है। वैसे तो हर बार दुर्गा पूजा अपने आप में अनोखी ही होती है, लेकिन इस बार की दुर्गा पूजा में खास बात ये भी है कि इस बार पंडाल की सजावट में पर्यावरण को जोड़ा गया है। सभी आयोजन समितियां पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए पूजा की तैयारियां कर रही हैं, ताकि वे दुर्गा पूजा में पर्यावरण को बचाने का संदेश भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकें।

केदारनाथ थीम पर सजावट

मयूर विहार फेज 2 के पॉकेट ए-1 में बंगीय ऐक्य संमिलनि समिति के जनरल सेक्रेटरी तमल भद्र ने बताया कि यहां इस बार सजावट के लिए केदारनाथ थीम चुनी गई है। जिसमें माता का भवन केदारनाथ मंदिर जैसा बनाया जा रहा है, जिसके आसपास पहाड़ भी बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिवानी मॉडल के नाम से एक और मॉडल बनाया जा रहा है जिसमें नटराज स्टाइल में मूर्तियां होंगी, इसमें दुर्गा मां, कार्तिकेय, गणेश, लक्ष्मी और सरस्वती की भी मूर्ति होगी। इसके अलावा इस बार दुर्गा मां का ड्रेस भी टाइगर प्रिंट जैसा बनाया जा रहा है, जिससे माता का लुक भी अलग दिखेगा।

पंडाल में दिखेगी गांव की झलक

रोहिणी में इस बार दुर्गा पूजा के पंडाल में लोगों को गांव की झलक देखने को मिलेगी। रोहिणी मातृ मंदिर के अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने बताया कि इस बार दुर्गा पूजा की थीम को सस्टेनेबिलिटी चुना गया है, इसमें ग्राम बांग्ला को दिखाया जाएगा और माता की मूर्ति के पास फूस से सजावट की जाएगी। वहीं आरामबाग पूजा समिति के चेयरमैन अभिजीत बोस ने बताया कि उनके यहां 35 सालों से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार थीम के लिए हरित पृथ्वी की खोज विषय को चुना गया है, इसी थीम पर पंडाल सजाया जा रहा है। इसमें पिछले दिनों घटी प्राकृतिक आपदाओं को भी दिखाया जाएगा। इस पंडाल के लिए माता की मूर्ति को पश्चिम बंगाल से मंगवाया गया है।

पश्चिम बंगाल से आ रहे मूर्ति कलाकार

सीआर पार्क में पॉकेट 40 में नवपल्ली दुर्गा पूजा समिति दुर्गा पूजा का आयोजित करती है, समिति के एडिशनल जनरल सेक्रेटरी रविकांत सिंघा ने इस बार की थीम ग्रीन रिवॉल्यूशन बताई है। यहां के पंडाल की सजावट में प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इसके अलावा चितरंजन पार्क काली मंदिर सोसायटी में आयोजित होने वाली दुर्गा पूजा में माता की मूर्ति के लिए पश्चिम बंगाल से कलाकार बुलाए गए है। यहां के आयोजक बताते है कि यहां पर 50 सालों से दुर्गा पूजा आयोजित होती है, इसलिए इस बार भव्य आयोजन किया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article