दिल्ली

ब्लैक ड्रेस नहीं, उपस्थिति अनिवार्य, शताब्दी समारोह के लिए आज DU में होंगे PM मोदी, गाइडलाइन जारी

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jun 30, 2023, 09:38 AM IST

DU centenary celebrations : कार्यक्रम में सभी छात्रों का आना अनिवार्य किया गया है। साथ ही सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच विवि में पठन-पाठन का कार्य नहीं होगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में शिक्षा मंत्री धर्मेद्र प्रधान भी उपस्थित रहेंगे।

Image

शताब्दी समारोह के लिए आज DU में होंगे PM मोदी।

Photo : PTI

DU centenary celebrations : दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के शताब्दी समारोह के समापन मौके पर बड़ा कार्यक्रम हो रहा है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। विश्वविद्यालय की तरफ से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर डीयू प्रशासन ने गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक कोई भी कार्यक्रम में काले कपड़े पहनकर नहीं आएगा। कार्यक्रम में सभी छात्रों का आना अनिवार्य किया गया है। साथ ही सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच विवि में पठन-पाठन का कार्य नहीं होगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में शिक्षा मंत्री धर्मेद्र प्रधान भी उपस्थित रहेंगे।

सात सूत्रीय गाइडलाइन जारी

विवि के हिंदू कॉलेज, डॉ. भीम राव अंबेडकर कॉलेज, जाकिर हुसैन कॉलेज ने लाइव कार्यक्रम में छात्रों एवं फैकल्टी का आना अनिवार्य किया है। रिपोर्टों के मुताबिक बुधवार को हिंदू कॉलेज में शिक्षकों की प्रभारी मीनू श्रीवास्तव ने कार्यक्रम को लेकर एक सात सूत्रीय गाइडलाइन जारी की। इसमें कहा गया है कि कार्यक्रम में शामिल होने पर छात्रों को उपस्थिति के पांच मार्क दर्ज किए जाएंगे।

'नौ बजे से पहले पहुंचें छात्र'

दिशानिर्देश में कहा गया है, ‘कार्यक्रम के सीधा प्रसारण के दौरान सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य है। महाविद्यालय में पहले पीरियड के प्रारंभ में, यानी आठ बजकर 50 मिनट से नौ बजे तक विद्यार्थियों को पहुंच जाना चाहिए, ताकि यातायात में किसी फेरबदल या डीयू परिसर में किसी रूकावट से बचा जा सके।’

'प्रशासन ने ऐसा कोई नोटिस नहीं जारी किया'

उसमें कहा गया है, ‘आपको अपना पहचान पत्र लाने की जरूरत है। उस दिन कोई भी काला परिधान नहीं पहनना है। विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य है और उन्हें सीधा प्रसारण में भाग लेने के लिए पांच उपस्थिति पत्रक दिये जाएंगे और उसे महाविद्यालय को सौंपा जाना है।’ इस नोटिस के बारे में पूछे जाने पर हिंदू महाविद्यालय की प्राचार्य अंजू श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशासन ने ऐसा कोई नोटिस नहीं जारी किया है।

अनिवार्य उपस्थिति के लिए नोटिस जारी नहीं-कुलसचिव

उन्होंने कहा, ‘जान पड़ता है कि कुछ गलतफहमी हुई है। महाविद्यालय ने कोई नोटिस नहीं जारी किया है। मुझे कुछ पता नहीं है।’ हालांकि, उन्होंने इस बात से इनकार नहीं किया कि नोटिस असली नहीं है। उन्होंने कहा, ‘मैंने विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को ईमेल भेजकर उन्हें सीधा प्रसारण की सूचना दी है और उनसे उसमें भाग लेने की अपील की है। लेकिन उपस्थिति अनिवार्य नहीं है।’कुलसचिव विकास गुप्ता ने कहा कि डीयू ने अनिवार्य उपस्थिति के लिए कोई नोटिस जारी नहीं किया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article