दिल्ली कोचिंग हादसे में गिरफ्तार ड्राइवर को कोर्ट से जमानत मिल गई है। ड्राइवर पर आरोप था कि उसी की गाड़ी के कारण बेसमेंट में पानी भरा, जिसके कारण तीन छात्रों की मौत हो गई। हालांकि इस गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली पुलिस शुरू से ही सवालों के घेरे में थी।
दिल्ली कोचिंग सेंटर हादसे में ड्राइवर को मिली जमानत
ये भी पढ़ें- दिल्ली कोचिंग सेंटर में 3 छात्रों की मौत के बाद Drishti IAS कोचिंग मालिक विकास दिव्यकीर्ति की 'पहली प्रतिक्रिया'
बैकफुट पर दिल्ली पुलिस
दिल्ली की एक अदालत ने एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से तीन छात्रों की मौत के मामले में गिरफ्तार स्पोर्ट्स यूटीलिटी व्हीकल (एसयूवी) चालक की दूसरी जमानत याचिका बृहस्पतिवार को मंजूर कर ली। कार्यवाही के दौरान, दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि उसने एसयूवी चालक मनुज कथूरिया के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का आरोप वापस लेने का फैसला किया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार ने कथूरिया को बुधवार को जमानत देने से मजिस्ट्रेट अदालत के इनकार के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई की।
ड्राइवर पर क्या है आरोप
कथूरिया पर आरोप है कि उनकी ‘फोर्स गोरखा’ कार के पानी से भरी सड़क से गुजरने के कारण पानी कोचिंग सेंटर में घुस गया जिसके बाद तीन विद्यार्थियों की मौत हो गई। कार्यवाही के दौरान, दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि उसने कथूरिया के खिलाफ ‘गैर इरादतन हत्या’ के आरोप को हटाने का फैसला किया है।जांच अधिकारी (आईओ) ने याचिका के जवाब में कहा, ‘‘विस्तृत जांच में पाया गया है कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) आरोपी पर लागू नहीं होती।’’
क्या बोले जांच अधिकारी
जांच अधिकारी ने कहा, ‘‘आईआईटी-दिल्ली की विशेषज्ञ टीम के घटनास्थल का दौरा करने और निरीक्षण के बाद निष्कर्ष प्रस्तुत करने पर इसका बेहतर मूल्यांकन किया जा सकेगा। ऐसे में, अब तक आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना) के तहत मामला बनता है, जिसके लिए अदालत उचित आदेश पारित कर सकती है।’’
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
