दिल्ली

DMRC Bike Taxi: दिल्ली मेट्रो ने शुरू की बाइक टैक्सी की सुविधा, इन 12 स्टेशनों पर मिलेगी सेवा; यहां देखे किराया और अन्य विशेषताएं

DMRC Bike Taxi Service: डीएमआरसी ने फर्स्ट एंड लास्ट माइल की कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए बाइक टैक्सी सेवा की शुरुआत की है। इससे यात्री कम समय में सुरक्षित यात्रा कर सकेंगे। इसकी दरें भी बहुत किफायती हैं।

Image

दिल्ली मेट्रो ने शुरू की बाइक टैक्सी की सुविधा

Photo : Twitter

DMRC Bike Taxi Service: दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए अब डीएमआरसी ने बाइक टैक्सी की सेवा भी शुरू कर दी है। इस नई सुविधा को डीएमआरसी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विकास कुमार द्वारा लॉन्च किया गया है। बता दें कि यात्री DMRC मोबाइल ऐप और DMRC मोमेंटम से अपने लिए राइड बुक कर सकते हैं। अब उन्हें टैक्सी बुक करने के लिए कई प्रकार की एप्लीकेशन का प्रयोग करने की आवश्यकता नहीं है।

दिल्ली मेट्रो द्वारा दी जा रही बाइक टैक्सी सुविधा दो प्रकार की है। इसमें एक SHERYD है और एक RYDR है। SHERYD खास तौर पर महिलाओं के लिए डिजाइन किया गया है और RYDR सुविधा सभी यात्रियों के लिए उपलब्ध है। आइए अब आपको इन दोनों की विशेषताओं के बारे में बताएं -

SHERYD बाइक टैक्सी

डीएमआरसी द्वारा शुरू की गई SHERYD बाइक टैक्सी खास तौर पर महिलाओं के लिए, महिलाओं के द्वारा है, जो उन्हें सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक यात्रा विकल्प प्रदान करती है। यह महिला ड्राइवरों को बढ़ावा देने के साथ उनके लिए आर्थिक अवसर प्रदान कर रहा है। जिससे वह सम्मान के साथ आजीविका कमा सकती हैं। इतना ही नहीं इस सुविधा के माध्यम से फर्स्ट एंड लास्ट माइल की कनेक्टिविटी और बढ़ रही है।

दिल्ली मेट्रो द्वारा बाइक टैक्सी की सुविधा प्रदान करने के साथ पर्यावरण का भी ध्यान रखा गया है। इसके लिए इलेक्ट्रिक बाइक का प्रयोग किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक बाइक कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में मददगार है। ऐप के माध्यम से आसानी से बाइक टैक्सी राइड बुक की जा सकती है। इसमें ट्रेनड (Trained) और वैरिफाइड महिला राइडर नियुक्त की गई हैं। इसमें जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम को भी शामिल किया गया है, ताकि वास्तविक समय की निगरानी की जा सके। राइड चार्ज की बात करें तो वो भी बहुत किफायती है। जानकारी के अनुसार, राइड बुकिंग का न्यूनतम शुल्क 10 रुपये से है। यात्री को पहले 2 किमी के लिए 10 रुपये प्रति किमी के अनुसार भुगतान करना होगा। उसके बाद 8 रुपये प्रति किमी।

RYDR बाइक टैक्सी

SHERYD के अलावा RYDR बाइक टैक्सी सुविधा सभी यात्रियों के लिए शुरू की गई है। इसे डीएमआरसी के फर्स्ट एंड लास्ट माइल कनेक्टिविटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ मिलकर शुरू किया गया है। ये कम समय में सुरक्षित यात्रा का लाभ देती है। आप आसानी से बिना झंझट डीएमआरसी की ऐप से अपने लिए राइड बुक कर सकते हैं।

दिल्ली मेट्रो के इन स्टेशनों पर मिलेगी बाइक टैक्सी की सुविध

डीएमआरसी द्वारा शुरू की गई बाइक टैक्सी की सुविधा अभी केवल 12 स्टेशनों पर ही उपलब्ध है। ये स्टेशन इस प्रकार है -

  • द्वारका सेक्टर 21
  • द्वारका सेक्टर 10
  • द्वारका सेक्टर 14
  • द्वारका मोड़
  • जनकपुरी पश्चिम
  • उत्तम नगर पूर्व
  • राजौरी गार्डन
  • सुभाष नगर
  • कीर्ति नगर
  • करोल बाग
  • मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम
  • पालम

इन स्टेशनों पर कुल 50 SHERYD और 159 RYDR बाइक चलाई जाएंगी। बाइक टैक्सी सेवा का समय सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक का है। ये सेवा केवल 3 से 5 किमी के दायरे को कवर करती है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में ये सेवा 12 स्टेशनों तक सीमित नहीं रहेगी। इसे 100 से अधिक स्टेशनों पर शुरू किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!