Delhi News: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आर. के. पुरम सीट से जीत दर्ज करने वाले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक अनिल शर्मा ने मोहम्मदपुर गांव का नाम बदलकर 'माधवपुरम' करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम पहले ही इस संबंध में एक प्रस्ताव पारित कर चुका है, लेकिन यह विधानसभा में लटका हुआ था।
अनिल शर्मा ने कहा, "अब दिल्ली में नई सरकार बनी है। यह जनता की सरकार है और जनता की मांग पर काम किया जाएगा।" उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही उन्हें विधानसभा अध्यक्ष से अनुमति मिलेगी, वे इस प्रस्ताव को सदन में रखेंगे।
नजफगढ़ को 'नाहरगढ़' बनाने की मांग
बीजेपी विधायक नीलम पहलवान ने भी अपने निर्वाचन क्षेत्र नजफगढ़ का नाम बदलकर 'नाहरगढ़' करने का प्रस्ताव पेश किया है। उन्होंने ऐतिहासिक तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि मुगल शासनकाल में इस क्षेत्र में अत्याचार हुए थे और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में राजा नाहर सिंह ने इस इलाके को दिल्ली में शामिल किया था। नीलम पहलवान ने कहा, "हम लंबे समय से नजफगढ़ का नाम बदलकर 'नाहरगढ़' करने की मांग कर रहे हैं। यह बदलाव इसलिए जरूरी है क्योंकि यहां के लोगों ने ऐतिहासिक संघर्ष झेला है और इसे सही पहचान मिलनी चाहिए।"
गौरतलब है कि दिल्ली में इससे पहले भी कई इलाकों के नाम बदलने की मांग उठ चुकी है। अब देखना यह होगा कि बीजेपी विधायकों की यह मांग विधानसभा में कितना जोर पकड़ती है और सरकार इस पर क्या निर्णय लेती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
