दिल्ली के लोगों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें 6 और नए सार्वजनिक स्थान मिलने वाले हैं। जहां पर वे अपने परिवार या दोस्तों के साथ समय बिता सकेंगे। पिछले 2 सालों में दिल्ली को 5 नए सार्वजनिक स्थान मिले हैं। ये सभी स्थान यमुना के किनारे स्थित है। इनमें नए बने घाट, पार्क, कैफे और पैदल चलने के रास्ते शामिल हैं।
वजीराबाद और ओखला बैराज के बीच पुनर्विकास
सूत्रों के अनुसार दिल्ली विकास प्राधिकरण वजीराबाद बैराज और ओखला बैराज के बीच 22 किलोमीटर लंबे क्षेत्र को पुनर्विकसित कर रहा है। इस योजना के तहत अगले दो से तीन साल में कम से कम छह नए सार्वजनिक स्थान बनाए जाने की उम्मीद है। पुनर्विकसित किए जाने वाले क्षेत्र के तहत कुल 1.660 हेक्टेयर भूमि आती है। जिसमें से अब तक 740 हेक्टेयर में कई जगहों को विकसित किया जा चुका है। इनमें असिता पूर्व और पश्चिम, कालिंदी अविरल, बांसेरा पार्क, वासुदेव घाट, अमृत जैव विविधता पार्क और राजघाट के पास यमुना वाटिका शामिल हैं।
सबसे अधिक सार्वजनिक संपर्क वाली परियोजना
आगामी नई परियोजनाओं में सराय काले खां के पास रिवरफ्रंट सबसे अधिक सार्वजनिक संपर्क वाली परियोजना होगी। जिसे पुराने मिलेनियम पार्क बस डिपो के स्थान पर बनाया जा रहा है। हालांकि दिल्लीवासियों को डीएनडी फ्लाईवे के पास कालिंदी जैव विविधता पार्क, राजघाट के पास नया ईको-पर्यटन क्षेत्र और निजामुद्दीन ब्रिज के पास मयूर नेचर पार्क की भी उम्मीद है। इन सभी 11 परियोजनाओं को पैदल रास्तों और साइकिल ट्रैक के माध्यम से जोड़ना डीडीए के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
परियोजनाओं को जोड़ना बड़ी चुनौती
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि ये परियोजनाओं एक-दूसरे से सटी हुई है। इन सभी को आपस में जोड़ना अंतिम योजना है और यह काफी चुनौती भरा भी है। इसकी वजह ये है कि बाढ़ के मैदान के कई हिस्सों पर अतिक्रमण है, साथ ही लिंकेज के रास्ते में अन्य मौजूद परियोजनाएं भी आ सकती ंहै। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य फिलहाल सभी 11 परियोजनाओं को पूरा करना है। जिसके बाद लिंकेज की योजना बनाई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
