Delhi Rain Forecast: राजधानी दिल्ली में कड़ाके की सर्दी के बीच मौसम विभाग ने बुधवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार से ही पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) एक्टिव हो रहा है। लिहाजा, मौसम में तेजी के साथ तब्दीली देखने को मिल सकती है। बुधवार को राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश होगी, जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिल सकती है, लेकिन बाद में छटने से एक बार फिर कड़ाके की सर्दी का एहसास होना शुरू होगा। वहीं, सर्द मौसम के बीच शहर में कोहरे की चादर छाई हुई है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा हरियाणा और पंजाब में मंगलवार सुबह घनी धुंध छाई हुई है, जिससे पानीपत और बठिंडा समेत अन्य जगह विजिबिलिटी जीरो से 10 मीटर तक नजर आई। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के चलते पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले एक हफ्ते तक बारिश होने की संभावना है। तो वहीं, हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।
हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को भी हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में भी इजाफा होगा। इससे लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत की उम्मीद है। हालांकि, दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार सुबह कोहरा छाया रहा, लेकिन नौ बजे के बाद धूप निकलने से आसमान साफ हो गया। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि, न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।
कोहरे के कारण ट्रेनें लेट
राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कोहरे की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। हालांकि, अभी भी विमान और रेल सेवाओं पर इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली हवाई अड्डे पर सोमवार की सुबह लगभग 30 विमानों का संचालन प्रभावित हुआ। जबकि, 50 रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से देरी से दिल्ली पहुंचीं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि खराब मौसम के कारण कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से नहीं चल रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
