दिल्ली

Delhi Weather: कोहरे और बारिश ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत, रेल और हवाई यातायात प्रभावित

  • Agency by: Agency
  • Updated Jan 31, 2024, 03:27 PM IST

Delhi Weather: दिल्ली में मौसम के मिजाज गड़बड़ाये हुए हैं। बारिश और कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी है। दिल्ली में घने कोहरे के चलते कई ट्रेनें देरी से चल रही है वहीं हवाई यातायात भी प्रभावित दिख रहा है।

Image

Delhi Weather: कोहरे और बारिश ने बढ़ाई लोगों की मुसीबत, रेल और हवाई यातायात प्रभावित

Delhi Weather: राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार की सुबह घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे हवाई और रेल यातायात दोनों ही प्रभावित रहा। घने कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली कई ट्रेने देरी से चली। इसके साथ ही हवाई यातायात में फ्लाईटों के संचालन में देरी हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की जानकारी के अनुसार शहर में दिन के दौरान हल्की बारिश भी हुई, जिससे ठंड का असर भी बढ़ेगा।

घने कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली में सुबह 6.30 बजे इंदिरा गांधी हवाईअड्डे पर शून्य दृश्यता दर्ज की गई। इस पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की यह स्थिति सुबह नौ बजे तक वैसे के वैसे ही बनी रही। हवाई यातायात के प्रभावित होने पर एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली हवाईअड्डे पर बुधवार सुबह खराब मौसम के कारण तीन उड़ानों का मार्ग बदला गया। वहीं रेल यातायात से जुड़े एक अन्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि घने कोहरे के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

राजधानी में हुई हल्की बारिश

घने कोहरे के बाद आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दोपहर बाद हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि शाम या रात में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाओं के साथ हल्की बारिश या गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। जिसके चलते कुछ दिन पहेली खिली धूप के बाद फिर ठंड की शुरुआत हो गई है।

मौसम विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण तीन फरवरी तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से एक डिग्री कम है। मंगलवार तक के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक इस महीने 30 जनवरी तक दिल्ली में औसत अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो 13 साल में सबसे कम है। आंकड़ों के अनुसार, इसी अवधि के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में औसत न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 13 वर्षों में दूसरा सबसे कम तापमान है। इस बीच, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह आठ बजे 370 के साथ 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

End of Article