Delhi News: दिल्ली में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाए हैं। पुलिस ने सभी पेट्रोल पंप मालिकों को निर्देश जारी किया है कि वे बीएस3 और बीएस4 मानक वाले वाहनों को पेट्रोल या डीजल ना बेचें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली में ग्रैप के चौथे चरण के लागू होने के बाद से ही प्रदूषण नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले 24 घंटों में 350 से अधिक वाहनों का चालान किया गया है जिनके पास वैध प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं था।
पेट्रोल पंप मालिकों को चेतावनी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने सभी पेट्रोल पंप मालिकों को पत्र लिखकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे केवल बीएस6 मानक वाले वाहनों को ही ईंधन उपलब्ध कराएं। अन्य किसी भी वाहन को ईंधन देने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार शाम तक नई दिल्ली रेंज के आधा दर्जन से अधिक पेट्रोल पंप मालिकों को ऐसे पत्र भेजे जा चुके हैं।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्त कदम
दिल्ली सरकार और पुलिस प्रशासन प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। बीएस3 और बीएस4 वाहनों पर रोक लगाना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा, प्रदूषण प्रमाण पत्र की जांच और चालान की कार्रवाई भी जारी रहेगी।
नागरिकों से अपील
दिल्ली के नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग करें। अपने वाहनों का नियमित रूप से सर्विस करवाएं, प्रदूषण प्रमाण पत्र समय पर बनवाएं और सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
