दिल्ली बंद का आह्वान
Delhi Bandh Today: पहलगाम आतंकी हमले को लेकर हर वर्ग के लोगों में रोष व्याप्त है। इस हमले के विरोध में दिल्ली के संगठनों ने आज दिल्ली बंद का आह्वान किया है। शुक्रवार को कनॉट प्लेस, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार समेत राजधानी के 700 से ज्यादा बाजार बंद रहने वाले हैं। इस हमले से आक्रोशित दिल्ली के व्यापारी आज कई बाजारों में विरोध प्रदर्शन भी करेंगे। हालांकि बाजार बंदी के दौरान दवा, सब्जी जैसी जरूरी चीजों की दुकानें, माल ढुलाई और पेट्रोल पंप सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
दिल्ली में बुधवार को प्रमुख थोक बाजारों की संयुक्त बैठक हुई। जिसमें दिल्ली हिंदुस्तानी मर्केंटाइल एसोसिएशन (डीएचएमए) ने बंद का आह्वान किया। जिसका समर्थन कंफेडेरशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रैडर्स (कैट), चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआइ), दिल्ली व्यापार महासंघ और भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (बीयूवीएम) जैसे प्रमुख कारोबारी संगठनों ने भी किया। इस बंद में गुरुवार को साउथ दिल्ली, नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली समेत कई अन्य इलाकों के बाजार भी शामिल हो गए। बंद के साथ ही आज कई बाजारों में विरोध प्रदर्शन भी किया गया। दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में व्यापारियों द्वारा बड़ा मार्च निकाला जाएगा। इसके अलावा सदर बाजार में भी विरोध प्रदर्शन होगा।
डीएचएमए के महासचिव श्रीभगवान बंसल ने कहा कि दिल्ली में आज बाजारों की बंदी पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों और सरकार के प्रति एकजुटता दर्शाने के लिए हैं। उन्होंने बताया कि 150 से ज्यादा बाजारों और ट्रांसपोर्ट समेत अन्य संगठनों ने भी शाम तक इस बंद में शामिल होने की जानकारी दी है। दिल्ली में आज यानी शुक्रवार को नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन, खान मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन, दिल्ली फाइल एसोसिएशन, चावड़ी बाजार के पेपर मर्चेंट एसोसिएशन, दिल्ली स्टील टूल्स एवं हार्डवेयर ट्रेडर्स एसोसिएशन समेत कई बाजार संगठनों ने बंद में शामिल होने का एलान किया है।
चावड़ी बाजार, सदर बाजार, भागीरथ प्लेस, नया बाजार, खारी बावली, हिन्दुस्तान मर्केंटाइल चांदनी चौक, कश्मीरी गेट, जामा मस्जिद, दरियागंज, नई सड़क, बुलियन एसोसिएशन चांदनी चौक, कटरा अशर्फी चांदनी चौक, क्लॉथ मार्केट चांदनी चौक, हौजकाजी, मीना बाजार, मटियामहल, किनारी बाजार, नबी करीम, मुल्तानी ढांडा, दिल्ली वेजिटेबल एंड ऑयल एसोसिएशन खारी बावली, केमिकल एसोसिएशन खारी बावली, राजौरी गार्डन मार्बल एसोसिएशन, डिप्टी गंज बर्तन बाजार, किराना कमेटी खारी बावली, मोरी गेट।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।