Delhi to Faridabad: अगर आप भी सड़कमार्ग से रोजाना दिल्ली से फरीदाबाद का सफर करते हैं तो अगले दो महीने तक थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। सरिता विहार फ्लाईओवर (Sarita Vihar Flyover) की मरम्मत का काम जल्द ही शुरू होगा, जिसके चलते सफर की गति धीमी हो जाएगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा जल्द एडवाइजरी जारी की जा सकती है। विभाग ने यातायात पुलिस से इसके लिए इजाजत मांगी है।
सरिता विहार फ्लाईओवर।
दिल्ली से फरीदाबाद का सफर होगा धीमा
यातायात पुलिस से अनुमति मिलने के बाद दिल्ली सूचना एवं प्रचार विभाग के पास एडवाइजरी के प्रकाशन के लिए लोक निर्माण विभाग फाइल भेजेगा। फ्लाईओवर का उपयोग करने से बचने को लेकर विभाग इस एडवाइजरी के जरिए लोगों को जागरूक करेगा। इससे पहले इसी वर्ष जुलाई माह में एडवाइजरी जारी की गई थी, लेकिन कांवड़ यात्रा के कारण उस वक्त काम शुरू नहीं हो पाया था। जून महीने में जब मरम्मत का काम शुरू हो रहा था तो यातायात पुलिस ने इसे रुकवा दिया था, क्योंकि पीडब्ल्यूडी द्वारा इसकी एडवाइजरी जारी नहीं की गई थी।
रोजाना लाखों वाहन की आवाजाही होती है
रोजाना लाखों वाहन सरिता विहार फ्लाईओवर का इस्तेमाल करके दिल्ली से फरीदाबाद के बीच सफर करते हैं। ऑफिस टाइम में इस मार्ग पर वाहनों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। ऐसे में सरिता विहार फ्लाईओवर की मरम्मत का काम शुरू होता है तो यात्रियों को भारी मुश्किलें देखने को मिल सकती हैं।
साल 2022 से लंबित पड़ा है मरम्मत का काम
फ्लाईओवर पर होने वाला मरम्मत कार्य बीते लंबे समय से टल रहा है। अप्रैल 2022 में तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री मनीष सिसोदिया ने इसे मंजूरी दी थी, तभी से ये लंबित था। इसके बाद इस साल 1 मई से मरम्मत का काम शुरू होना था, लेकिन लोकसभा चुनाव की वजह से इसे टाल दिया गया। अधिकारियों ने ये जानकारी साझा की है कि कुल चार चरणों में मरम्मत का कार्य होगा।
15-15 दिनों के लिए फ्लाईओवर का आधा हिस्सा बंद किया जाएगा। पूरा फ्लाईओवर एक वक्त पर बंद नहीं होगा। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने इस फ्लाईओवर का निर्माण वर्ष 2001 में कराया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
