Delhi News: दिल्ली में यमुना नदी पर बने आईटीओ बैराज की कमान अब दिल्ली सरकार के हाथ होगी। इससे पहले इस बैराज का संचालन हरियाणा सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधीन था। लेकिन राजधानी में साल 2023 में आई बाढ़ के बाद दिल्ली सरकार ने इस बैराज के संचालन और रखरखाव को अपने अधिकार में लेने की मांग शुरू की थी। इस मांग को हरियाणा सरकार ने अब सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जिसके बाद अब राजधानी में बाढ़ नियंत्रण और जल प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली के पास सीधे बैराज को नियंत्रित करने का अधिकार होगा।
2023 में बाढ़ के समय ITO बैराज के कुछ गेट हुए जाम
आईटीओ बैराज पर 13 से अधिक गेट हैं, जिनसे यमुना के पानी को नियंत्रित किया जाता है। 2023 में बाढ़ के समय कुछ गेट जाम होने के कारण जलस्तर नियंत्रित नहीं रह पाया था, जिससे बाढ़ की स्थिति और बिगड़ने का खतरा था। विशेषज्ञों का मानना है कि अब दिल्ली सरकार के पास बैराज का नियंत्रण आने से आपातकालीन स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने की सुविधा मिलेगी। दिल्ली सरकार का तर्क है कि राजधानी में बाढ़ प्रबंधन और यमुना नदी की धारा को नियंत्रित करने के लिए आईटीओ बैराज की जिम्मेदारी सीधे उसके पास होना जरूरी है। इससे दिल्ली बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने में तेजी ला सकेगी और स्थानीय स्तर पर बेहतर जल प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
फिलहाल आईटीओ बैराज के सभी गेट खुले
आईटीओ बैराज का नियंत्रण दिल्ली सरकार के पास आने के बाद यह दिल्ली का पहला बैराज होगा जिसे वह सीधे नियंत्रित कर पाएगी। फिलहाल बैराज के सभी गेट खुले हुए हैं, लेकिन अब भविष्य में जल स्तर और बाढ़ नियंत्रण पर बेहतर नजर रखी जा सकेगी। इस कदम से राजधानी में जल सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
