Delhi News: दिल्ली की तिहाड़ जेल में हाल ही में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जानकारी के अनुसार, इसमें 16 जेलों में से नौ जेलों के अधीक्षकों (Superintendents) का ट्रांसफर किया गया है। बीते वर्षों में यह सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल है। जेल मुख्यालय के अधिकारियों के अनुसार, कुछ अधीक्षकों की पदस्थापन की अधिकतम अवधि समाप्त हो चुकी थी, जबकि कुछ अन्य अधीक्षक पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे।
किन अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर
बताया जा रहा है कि कुछ अधीक्षकों को उनकी दक्षता (Efficiency) के आधार पर संवेदनशील जेलों में भेजा गया है। नए पदस्थापनों में, जेल संख्या तीन के अधीक्षक प्रवीर कुमार सिंह को जेल संख्या सात का दायित्व सौंपा गया है, साथ ही उन्हें जेल की इंटेलिजेंस और क्यूआरटी की देखरेख का अतिरिक्त कार्य भी दिया गया है। अन्य प्रमुख बदलावों में, जेल संख्या दो के अधीक्षक आदित्य कुमार अस्थाना का तबादला जेल संख्या चार किया गया है, और उन्हें जेल संख्या तीन का अतिरिक्त दायित्व भी मिला है।
इसके अलावा, मंडोली स्थित जेल संख्या 13 के लिए प्रदीप कुमार को अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इसी तरह, अन्य अधीक्षकों के भी तबादले किए गए हैं, जैसे कि ओम प्रकाश निमोरिया का जेल संख्या दो के अधीक्षक के रूप में तबादला। इसके साथ ही, वार्डर और हेड वार्डर के भी लगभग 70 कर्मियों के तबादले की सूची जारी की गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
