Delhi: राजधानी दिल्ली के दयालपुर क्षेत्र में बीती 29 जनवरी को एक 88 साल की बुजुर्ग महिला की लूट के बाद हुई हत्या की गुत्थी को आखिर पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस के मुताबिक वृद्धा शांति देवी की लूट करने के बाद हत्या कर दी गई थी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को अरेस्ट किया है। जिसकी शिनाख्त बादल (24) के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी का पिता इस वारदात का मुख्य किरदार है।
दिल्ली पुलिस ने वृद्धा की हत्या के आरोप में एक को अरेस्ट किया (सांकेतिक तस्वीर)
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, चंद महीने पहले कमल अपने भांजे अशोक के साथ मृतका के घर में पुताई के लिए गया था। इस बीच इन्हें पता चला कि, वृद्ध महिला अपने घर में अकेली रहती हैं। इसके बाद इन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी बादल के पास से सोने-चांदी के कुछ जेवरात सहित लूट की रकम में से साढ़े सात हजार रुपए बरामद किए हैं। वहीं मुख्य आरोपी कमल और उसका भांजा अशोक अभी फरार हैं। जिनकी पुलिस की कई टीमें तलाश कर रही है।
पति की यादें जुड़ी थीं इसलिए अकेले रहती थीं
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन के मुताबिक, 29 जनवरी की सुबह दयालपुर इलाके में महिला की हत्या की खबर मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर गई तो घर में शांति देवी का शव हाथ, पैर और मुंह बंधा हुआ मिला। जांच के दौरान पता चला कि बदमाशों ने लूटपाट के बाद वृद्धा का मुंह दबाकर मर्डर किया था। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर स्थानीय व जिले की अन्य टीमों को भी जांच में शामिल किया। इस बीच जानकारी मिली कि, पति की मौत के बाद महिला घर में अकेली रहती थीं। मृतका के 3 बेटे दिल्ली और फरीदाबाद में अपने परिवारों संग रहते हैं। घर से पति की यादें जुड़ी होने के कारण मृतका इस मकान में अकेली रहती थीं।ऐसे आए पकड़ में
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वृद्धा के अकेले रहने का फायदा उठाया। वहीं जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो 3 संदिग्ध लोग दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस संदिग्धों की तलाश में दिल्ली के रामा गार्डन, करावल नगर इलाके में पहुंची। वहां पर घर-घर जाकर जांच तो जानकारी मिली कि, इलाके में रहने वाले कमल, उसका बेटा बादल व अशोक कई दिनों से नदारद हैं। वहीं फुटेज की जांच में पता चला कि, वारदात वाले दिन तीनों की लोकेशन दयालपुर में मृतका के मकान के पास की मिली। आरोपियों का लगातार पीछा करने के बाद रामा गार्डन इलाके में एक आरोपी बादल पुलिस के हत्थे चढ़ गया।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
