दिल्ली

दिल्ली में आसमान पर तापमान, प्रचंड गर्मी से इंडिया गेट पर टूरिस्टों का 'टोटा', कल छाएंगे काले बादल

राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ रहे तापमान से सामान्य जनजीवन पर असर पड़ रहा है। इंडिया गेट जैसे फेमस टूरिस्ट प्लेस पर पर्यटकों की संख्या में खासी कमी देखी जा रही है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले 2 दिन बाद मौसम थोड़ा नर्म होगा और बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी हो सकती है।

Image

दिल्ली में बढ़ी गर्मी

दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है, जिस कारण इंडिया गेट पर घूमने आने वाले पर्यटकों की संख्या में कमी देखी जा रही है। फिर भी, जो लोग घर से निकले हैं, वे तेज धूप और गर्मी में भी इंडिया गेट का आनंद ले रहे हैं। पर्यटकों का कहना है कि गर्मी बहुत ज्यादा है, लेकिन अब जब वे निकल ही आए हैं, तो घूमकर ही जाएंगे। वे तेज गर्मी से अपना बचाव करने के लिए ज्यादा पानी पी रहे हैं और आंखों में जलन से बचने के लिए सनग्लासेस पहन रहे हैं। उनका कहना है कि कम भीड़ होने से इंडिया गेट को अच्छे से देखने का मौका मिल रहा है, जिससे घूमने में मजा आ रहा है। अन्य राज्यों की तुलना में पर्यटकों ने बताया कि दिल्ली की गर्मी कोलकाता और राजस्थान से भी ज्यादा है। दिल्ली का तापमान अभी 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस बदलेगा मौसम

हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिस वजह से दिल्ली के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि दिल्ली में अगले एक-दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के कारण मौसम में बदलाव हो सकता है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में 10 अप्रैल के आसपास हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 8 अप्रैल को भारतीय समयानुसार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी राजस्थान में कई स्थानों पर भीषण गर्मी की स्थिति के साथ अधिकांश स्थानों पर उष्ण लहर की स्थिति बनी रही; पूर्वी राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर भीषण गर्मी की स्थिति के साथ कई स्थानों पर उष्ण लहर की स्थिति बनी रही; सौराष्ट्र और कच्छ, हिमाचल प्रदेश, पंजाब के छिटपुट स्थानों पर उष्ण लहर से लेकर भीषण उष्ण लहर की स्थिति बनी रही। हरियाणा-चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात क्षेत्र के छिटपुट स्थानों पर उष्ण लहर की स्थिति बनी रही।

वहीं, त्रिपुरा (अगरतला) में छिटपुट स्थानों पर आंधी-तूफान देखा गया। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना और कर्नाटक में छिटपुट स्थानों पर आंधी-तूफान के साथ तेज हवाएं चलीं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article