दिल्ली में आज यानी सोमवार 18 अगस्त को एक बार फिर कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस पर आम आदमी ने दिल्ली में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। 'AAP' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल व अन्य नेताओं ने द्वारका स्थित दो स्कूलों और एक कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बच्चों और पैरेंट्स की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार को फेल करार दिया है। दिल्ली के स्कूलों को बार-बार धमकी मिल रही है, इसके बावजूद एक भी आरोपी के न पकड़े जाने और कोई ठोस कार्रवाई न होने पर भी AAP ने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने X पर कहा कि दिल्ली पब्लिक स्कूल, द्वारका समेत द्वारका के कई स्कूलों को आज फिर बम की धमकियां मिली हैं। दिल्ली के स्कूलों को बार-बार धमकियां मिलती हैं लेकिन आज तक न कोई पकड़ा गया है, न कोई कार्रवाई हुई है। भाजपा से ना तो दिल्ली संभल रही है, ना ही दिल्ली की कानून- व्यवस्था। भाजपा की सरकारें दिल्ली में पूरी तरह फेल हो चुकी हैं।
वरिष्ठ AAP नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भी भाजपा की केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने एक्स पर लिखे पोस्ट में कहा कि स्कूलों में धमकी मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। फिर से दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली हैं। दिल्ली पुलिस आखिर कर क्या रही है? बच्चे, अभिभावक खौफ में हैं लेकिन भाजपा सरकार उनको सुरक्षा देने में नाकाम है।
'AAP' के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने एक्स पर कहा कि दिल्ली के स्कूलों को लगातार धमकियां मिल रही हैं, लेकिन अमित शाह जी की पुलिस कुछ नहीं कर पा रही। 'AAP' नेता जस्मीन शाह ने एक्स पर लिखे पोस्ट में कहा कि दिल्ली के स्कूलों में इस तरह की आतंकी धमकियां पिछले एक दशक से आम बात हो गई हैं। आज तक एक भी व्यक्ति को सजा नहीं मिल पाई है। अगर मोदी सरकार राष्ट्रीय राजधानी के बच्चों को सुरक्षित नहीं रख सकती, तो देश की सुरक्षा के लिए उन पर भरोसा कैसे किया जा सकता है?
उधर, एमसीडी में 'AAP' के नेता अंकुश नारंग ने एक्स पोस्ट के जरिए भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, यह कोई पहली घटना नहीं है। दिल्ली के स्कूल लगातार धमकियों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन न अब तक कोई दोषी पकड़ा गया, न कोई ठोस कार्रवाई हुई। भाजपा सरकार से न दिल्ली संभल रही है, न ही राजधानी की कानून-व्यवस्था। दिल्ली में भाजपा की सरकारें पूरी तरह नाकाम साबित हो चुकी हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
