Delhi Rohini Encounter: दिल्ली के रोहिणी इलाके में देर रात बड़ा एनकाउंटर हुआ। जिसमें बिहार के चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टर ढेर हो गए। मुठभेड़ के दौरान गैंग का सरगना रंजन पाठक भी मारा गया। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह एनकाउंटर हुआ। मारे गए अपराधियों में तीन बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले थे और एक अपराधी दिल्ली का निवासी था।
रोहिणी में कहां हुआ एनकाउंटर
जानकारी के अनुसार बहादुर शाह मार्ग स्थित डॉ. आंबेडकर चौक से पंसाली चौक के बीच बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:20 बजे यह घटना हुई। पुलिस को सूचना मिली कि आगामी बिहार विधानसभा चुनावों से पहले यह गैंग बड़े अपराध की योजना बना रहा था। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने रोहिणी इलाके में घेराबंदी की। जब पुलिस टीम ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तो अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। पुलिस टीम और चार संदिग्ध अपराधियों के बीच यह मुठभेड़ काफी देर तक चली। जिसमें चारों अपराधी घायल हो गए। जिन्हें तुरंत रोहिणी के डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिहार में कई गंभीर अपराधों में वांटेड थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर में मारे गए सभी अपराधियों की पहचान हो गई है। ये सभी आरोपी बिहार में कई गंभीर और जघन्य अपराधों में वांटेड थे। इस घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही फोरेंसिक और क्राइम सीन जांच टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर
- रंजन पाठक (25) पुत्र मनोज पाठक निवासी ग्राम मल्हाई, थाना सुरसंड, जिला सीतामढ़ी, बिहार
- बिमलेश महतो (25) उर्फ बिमलेश साहनी पत्नी सुखला देवी निवासी रतनपुर, थाना बाजपट्टी, जिला सीतामढ़ी, बिहार
- मनीष पाठक (33) पुत्र अरविंद पाठक निवासी ग्राम मल्हाई, थाना सुरसंड, जिला सीतामढ़ी, बिहार सीतामढ़ी, बिहार
- अमन ठाकुर (21) पुत्र संजीव ठाकुर, निवासी ग्राम शेरपुर, करावल नगर, दिल्ली
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
