Delhi DTC Bus Accident:दिल्ली में सोमवार सुबह डीटीसी की एक इलेक्ट्रिक बस मेट्रो खंभे से टकरा गई। बस का अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से एक ऑटो रिक्शा भी बस से टकरा गई। इस हादसे में 45 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और 23 अन्य यात्री घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।
शिवाजी पार्क मेट्रो स्टेशन के पास हादसा
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विचित्र वीर ने बताया कि पंजाबी बाग थाने को सुबह सात बजकर 42 मिनट पर रोहतक रोड पर शिवाजी पार्क मेट्रो स्टेशन के निकट बस दुर्घटना की सूचना मिली। वीर ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मंगोलपुरी और आनंद विहार के बीच चलने वाली डीटीसी इलेक्ट्रिक बस मेट्रो खंभे से टकरा गई। उन्होंने कहा, ‘‘बस के अचानक ब्रेक लगाने के कारण एक ऑटो रिक्शा भी पीछे से बस से टकरा गया। इस दुर्घटना में चालक और कंडक्टर समेत कुल 24 यात्रियों के घायल होने की सूचना मिली है।’’
अपनी तय लेन में चल रही थी बस
उन्होंने कहा, ‘‘बस में सवार 45 वर्षीय महिला यात्री को महाराजा अग्रसेन अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक अन्य 55 वर्षीय यात्री फिलहाल आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) में है।’’ अधिकारी ने बताया कि 23 घायलों में से 14 का इलाज महाराजा अग्रसेन अस्पताल में जारी है, जबकि शेष 10 को मोती नगर स्थित आचार्य भिक्षु अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘पंजाबी बाग पुलिस थाने में कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटनास्थल के मुआयने के लिए अपराध जांच दल को बुलाया गया है। इस दल की रिपोर्ट और वाहन की यांत्रिक जांच के बाद दुर्घटना का कारण पता लगेगा।’’ हालांकि, डीटीसी के एक अधिकारी ने दावा किया कि ‘‘बस अपनी निर्धारित लेन में चल रही थी।’’अधिकारी ने कहा, ‘‘एक मोटरसाइकिल सवार और एक ऑटोरिक्शा चालक अचानक दाएं मुड़ गए। दुर्घटना से बचने के लिए (डीटीसी इलेक्ट्रिक बस के) बस चालक भी दाएं मुड़ा लेकिन बस मेट्रो खंभे से टकरा गई।’’
इनपुट- भाषा
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
