Delhi Rain: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार की देर शाम अचानक मौसम बदलते ही आसमान में बादल छा गए। गरज चमक के साथ तेज हवाएं चलने लगीं और थोड़ी देर में मध्यम बारिश शुरू हो गई। बारिश और हवा के मिश्रण से शहर का मौसम सुहावना हो गया। लोगों को भीषण गर्मी से राहत महसूस हुई। बारिश के बाद तापमान में कमी आने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने आज की रात और 19 अप्रैल को भी हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। अगर, कल भी बारिश होती है तो लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। राजधानी में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, 20 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हवा की गति 10-20 किमी/घंटा रहेगी। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
स्काईमेट के मुताबिक, अगले तीन दिन तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहेगा। हालांकि, 18 और 19 अप्रैल को कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ आंधी के संकेत दिए गए थे। आईएमडी के अनुसार, राजधानी में शनिवार को ‘आंशिक रूप से बादल छाए’ रहने तथा शाम तक ‘सामान्यतः बादल छाए’ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में शनिवार को बहुत हल्की वर्षा या बूंदाबांदी तथा गरज के साथ छींटे पड़ने, बिजली चमकने और धूल भरी आंधी आने की संभावना है। इसने बताया कि शाम के समय 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और यह बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी हो सकती है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश की जताई गई थी। ये पूर्वानुमान सही साबित होता नजर आ रहा है। फिलहाल, हल्की बारिश हो रही है। इसके और तेज होने की संभावना है।
दिल्ली में कहां हुई बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, बुराड़ी, रोहिणी, बादली, मॉडल टाउन, करावल नगर, आजादपुर, पीतमपुरा, दिल्ली विश्वविद्यालय, सिविल लाइंस, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, मुंडका, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग, कश्मीरी गेट, सीलमपुर, शाहदरा, विवेक विहार, राजौरी गार्डन, पटेल नगर, लाल किला, प्रीत विहार, बुद्ध जयंती पार्क, राष्ट्रपति भवन, राजीव चौक और आईटीओ सहित कई क्षेत्रों में गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के कुछ हिस्सों में भी वर्षा हुई।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण
दिल्ली-एनसीआर के मौसम में उतार चढ़ाव के साथ पॉल्यूशन का स्तर घट बढ़ रहा है। शुक्रवार को एक्यूआई 201 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मई से इसके स्तर में थोड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच को मध्यम, 201 से 300 के बीच को खराब, 301 से 400 के बीच को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच को गंभीर माना जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
