Delhi News: उत्तरी दिल्ली के भलस्वा लैंडफिल क्षेत्र के पास एक कार सवार ने पुलिस से बचने के लिए एक हेड कांस्टेबल को टक्कर मार दी। जिसके बाद अपनी कार के बोनट पर सात किलोमीटर से अधिक दूरी तक कथित रूप से घसीटा। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान करमवीर के रूप में हुई है और वह दिल्ली से भाग गया था उसे कोलकाता से पकड़ा गया।
कार सवार ने भागने की कोशिश में मारी टक्कर
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘ घटना 22 अप्रैल को सुबह 6.28 बजे हुई। पीसीआर आउटर नॉर्थ जोन के हेड कांस्टेबल प्रवीण और एएसआई नवीन ने भलस्वा लैंडफिल के पास जीटीके बाईपास के पास एक संदिग्ध सफेद कार को रोका। उन्हें संदेह था कि वाहन का इस्तेमाल शराब ले जाने के लिए किया जा रहा था।’’ अधिकारी ने बताया कि जब चालक को बाहर निकलने के लिए कहा गया तो उसने भागने की कोशिश की। कार को रोकने के लिए हेड कांस्टेबल प्रवीण गाड़ी के सामने खड़े हो गए।
हेड कांस्टेबल को उंगलियों और पैर में लगी चोट
अधिकारी ने बताया कि हालांकि चालक ने कथित तौर पर गाड़ी सीधे कांस्टेबल की ओर बढ़ा दी, जिससे कांस्टेबल बोनट पर गिर गया। उन्होंने कहा, ‘‘ इसके बावजूद कार आजादपुर की ओर बढ़ गई और इस दौरान प्रवीण बोनट पकड़कर लटके रहे। जब गाड़ी धीमी हुई तो वह आजादपुर मंडी के पास कूदने में सफल रहे। घायल होने के कारण प्रवीण अपना मोबाइल फोन नहीं निकाल पाए जो बोनट और विंडशील्ड के बीच फंस गया था। उसने एक राहगीर का फोन लेकर पीसीआर को सूचना दी।’’ उनकी उंगलियों और बाएं टखने में चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया।
आरोपी को दिल्ली वापस लाया जा रहा
उनके बयान के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत भलस्वा डेयरी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। पुलिस ने बताया कि करमवीर शहर से भागकर कोलकाता जाने वाली ट्रेन में सवार हो गया था। एक टीम कोलकाता भेजी गई, जहां कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि करमवीर को पूछताछ के लिए दिल्ली वापस लाया जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
