दिल्ली

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने नाकाम की गैंगवार की बड़ी साजिश, गोगी/अंकश लकड़ा गैंग का शार्प शूटर गिरफ्तार

Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने गोगी/अंकश लकड़ा गैंग के शार्प सूटर विशाल लकड़ा को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए जा रहा था। पुलिस ने उसके पास से दो अत्याधुनिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। व

Image

अंकश लकड़ा गैंग का शार्प शूटर गिरफ्तार

KEY HIGHLIGHTS
  • आरोपी के पास से दो अत्याधुनिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद
  • जेल से मिलने वाले निर्देशों का इंतजार कर रहा था आरोपी
  • पहले भी चार आपराधिक मामलों में रह चुका है शामिल

Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गैंगवार की एक और बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। नॉर्दर्न रेंज-1 की टीम ने कुख्यात गोगी/अंकश लकड़ा गैंग के शार्प शूटर विशाल लकड़ा (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से दो अत्याधुनिक देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह गिरफ्तारी दिल्ली के रोहिणी इलाके में जापानी पार्क के गेट नंबर 4 के पास से हुई।

गैंगवार की बड़ी साजिश नाकाम

विशाल लकड़ा को जेल से आदेश मिलने का इंतजार था, जिसके बाद वह किसी वारदात को अंजाम देने वाला था। पुलिस की इस कार्रवाई से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गैंगवार की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। दिल्ली क्राइम ब्रांच की नॉर्दर्न रेंज-1 की टीम ने हेड कांस्टेबल नीरज और नरेंद्र की सूचना के आधार पर 25 फरवरी को विशाल लकड़ा को धर दबोचा। उसके पास से एक पिस्तौल और 2 कारतूस बरामद हुए, इसके बाद पुलिस ने जब विशाल से कड़ी पूछताछ की, तो उसने बताया कि एक और पिस्टल और दो कारतूस उसके घर में छुपाए गए हैं। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए यह हथियार भी बरामद कर लिए।

जेल में हुई अंकश लकड़ा से दोस्ती

विशाल लकड़ा का संबंध दिल्ली के मुडका गांव से है, जहां से गैंग का सरगना अंकश लकड़ा भी आता है। विशाल ने सिर्फ 9वीं तक पढ़ाई की और फिर गलत संगत में पड़कर चोरी, लूट और डकैती जैसी वारदातों में शामिल हो गया। वह पहले भी चार आपराधिक मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। विशाल लकड़ा ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने जेल में अंकश लकड़ा से दोस्ती की और वहीं से गैंग का सक्रिय सदस्य बन गया। उसके करीबी दोस्त अमित लकड़ा की हत्या नीरज बवानिया गैंग के बदमाशों ने कर दी थी, जिसके बाद से विशाल बदला लेने की फिराक में था। अंकश लकड़ा ने जेल से ही विशाल को दो हथियार मुहैया कराए और किसी वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार रहने को कहा।

इस कार्रवाई से गोगी/अंकश लकड़ा गैंग को बड़ा झटका लगा है। पुलिस की जांच जारी है और संभावना है कि इस गिरफ्तारी से गैंग के अन्य सदस्यों तक भी जल्द पहुंच बनाई जा सकेगी। क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई से दिल्ली में होने वाली एक और गैंगवार की घटना को टाल दिया गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article