Delhi Chalo Kisan Andolan: किसान एक बार फिर दिल्ली कूच की तैयारी कर रहे हैं। कुछ दिन पहले ही किसानों ने 13 फरवरी को 'दिल्ली चलो' मार्च का ऐलान किया था। इसके बाद से दिल्ली के बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस जवानों की तैनाती कर रही है। किसानों के दिल्ली कूच के चलते दिल्ली के कई बॉर्डर पर पहले ही धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके अलावा शाम तक बॉर्डर को सील करने की तैयारी भी की जा रही है इसी बीच पूरी दिल्ली में धारा 144 लागू किए जाने की जानकारी सामने आई है।
दिल्ली में लागू हुई धारा 144
किसान आंदोलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने पूरी दिल्ली में धारा 144 लागू करने की आदेश दिए हैं। किसानों के 'दिल्ली चलो' अभियान को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ये बड़ा फैसला लिया है। धारा 144 लागू होने के बाद दिल्ली में एक स्थान पर अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक रहेगी। साथ ही शहर में अब किसी भी प्रकार का प्रदर्शन व रैली का आयोजन किया नहीं जा सकता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लागू हुई धारा 144 का उल्लंघन करने वाले लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
सीमा पर सुरक्षा बढ़ी
किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए सीमा पर सुरक्षा को बढ़ाया जा रहा है। पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती भी की जा रही है। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन का प्रयोग किया जा रहा है। स्थिति को काबू में रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर और सिंघु बॉर्डर पर धारा 144 लागू कर दी थी।
इन चीजों पर लगा प्रतिबंध
दिल्ली सीमा पर सुरक्षा बढ़ाते हुए धारा 144 लगाई गई है। इसके बाद दिल्ली में सोमवार से यानी आज से ही ट्रैक्टर-ट्रॉली और कमर्शियल वाहनों के प्रवेश, फायर आर्म्स, ज्वलनशील पदार्थ, ईंट-पत्थर, पेट्रोल-सोडा बोतल आदि के इकट्ठा करने पर पूरी तरह से रोक लगाया गया है। लाउडस्पीकर के प्रयोग को भी प्रतिबंधित किया गया है। इसके साथ ही हथियार पर भी रोक लगाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
