Delhi Crime News: दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके के एक नामी बुटीक से 2 करोड़ रुपये के महंगे डिजाइनर ब्राइडल लहंगे और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महज कुछ घंटों में चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिग और एक महिला को गिरफ्तार किया है।
कैसे की इतनी बड़ी चोरी
- डुप्लीकेट चाबी से एंट्री: चोरी का मास्टरमाइंड पहले उसी बुटीक में काम कर चुका था, उसने नकली चाबी बनवाई और चोरी की पूरी साजिश रची।
- महिला दोस्त की मदद: आरोपियों में शामिल महिला ने खुद को बुटीक मालिक की रिश्तेदार बताकर गार्ड को गुमराह किया।
- गार्ड को बनाया बंधक: जैसे ही गार्ड ने महिला को अंदर जाने दिया, दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे, गार्ड को दबोच लिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए।
- सभी सामान लेकर फरार: आरोपी बुटीक से 50 महंगे ब्राइडल आउटफिट्स, सीसीटीवी का डीवीआर, कंप्यूटर और अन्य कीमती सामान एक वैन में भरकर फरार हो गए।
- गाड़ी की पहचान छिपाने की कोशिश: अपराधियों ने वैन की नंबर प्लेट पर सेलो टेप लगाकर उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की।
पुलिस ने ऐसे किया पूरे मामले का खुलासा
इस घटना के बाद से पुलिस चोरों को पकड़ने के लिए दबिश डाल रही थी, पुलिस को गाड़ी की आखिरी लोकेशन मंगलापुरी इलाके में मिली, जहां से उसका सुराग गायब हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया और गाड़ी एक गली में खड़ी मिली। वैन मालिक से पूछताछ के बाद पता चला कि गाड़ी एक नाबालिग लड़के ने ली थी, जो बुटीक में काम कर चुका था। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले इस नाबालिग को पकड़ा, जिसने पूरे मामले का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर चोरी का सारा सामान आया नगर स्थित एक किराए के मकान से बरामद हुआ। इसके बाद उसके साथी और महिला आरोपी को भी धर दबोचा गया।
आरोपियों से बरामद चोरी का सामान
आरोपियों के पास से बरामद सामान
पुलिस ने इनके पास से बड़ी संख्या में डिज़ाइनर कपड़ो, इलेक्ट्रॉनिक समान की बरामदगी की। जिसमे 4 ऐतिहासिक पेंटिंग, 2 LED स्क्रीन, 1 CPU, 1 DVR, 3 हैंडीकैम, 1 कैश काउंटिंग मशीन, 32 ब्राइडल लहंगे, 105 दुपट्टे और साड़ियां, 4 पैंट, 27 सूट, 7 कुर्ते,1 शेरवानी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से अन्य कीमती सामान भी बरामद किया जैसे भगवान विष्णु की मूर्ति, 2 चांदी की मूर्तियां, 2 लकड़ी के शेर, 2 स्टील के शेर, लॉक सेट,सेलो टेप (नंबर प्लेट छुपाने के लिए इस्तेमाल किया गया),टूल किट,आरोपियों के कपड़े और अपराध में इस्तेमाल की गई वैन।
सफलता के लिए पुलिस को दिया जाएगा पुरस्कार
इस शानदार सफलता के लिए फतेहपुर बेरी पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। टीम में इंस्पेक्टर राजेश शर्मा (SHO, फतेहपुर बेरी), इंस्पेक्टर आदित्य मलिक, इंस्पेक्टर ऋषिकेश मीणा, एसआई नसीब सिंह, एसआई सचिन पंवार सहित कई अन्य कर्मी शामिल थे, जिन्होंने लगातार मेहनत कर इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा किया। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिसरों में सुरक्षा बढ़ाएं, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी तरह की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
