DND Traffic Advisory: दिल्ली से नोएडा जाने वालों के लिए जरूरी खबर है। डीएनडी फ्लाइवे केरिजवे आज छह घंटे के लिए बंद रहेगा और इस पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। शनिवार रात 11 बजे से रविवार सुबह पांच बजे तक डीएनडी फ्लाइवे केरिजवे बंद रहेगा। इसे लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। कहा गया है कि छह घंटे तक के लिए इस पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
फाइल फोटो।
लाखों गाड़ियों की आवाजाही
बता दें कि डीएनडी से रोजाना लाखों गाड़ियों का दिल्ली नोएडा में आवाजाही होती है। ऐसे में कई लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। बताया गया है कि छह लेन वाले डीएनडी-फरीदाबाद-केएमपी एक्सप्रेस वे से संबंधित निर्माण कार्य चल रहा है। इस एक्सप्रेस वे को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना के तहत विकसित कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, 59 किलोमीटर लंबा, छह लेन चौड़ा एक्सप्रेस वे डीएनडी फ्लाईवे और महारानी बाग में रिंग रोड को हरियाणा के नग जिले में केएमपी एक्सप्रेस वे से जोड़ेगा। यह केएमपी एक्सप्रेस वे पर मिलने से पहले यूपी सिंचाई कॉलोनी, शाहीन बाग, ओखला विहार, मदनपुर खादर, जैतपुर, फरीदाबाद सेक्टर 18 और सेक्टर 17, सेक्टर 2, सेक्टर 65 से होकर गुजरेगा। परियोजना की समय सीमा 2024 के अंत तक है।
छह घंटे के लिए बंद रहेगा डीएनडी फ्लाइवे
एकीकरण का काम दिल्ली के महारानी बाग जंक्शन के पास शनिवार रात 11 बजे से रविवार सुबह पांच बजे तक चलेगा। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि इस दौरान डीएनडी फ्लाईवे के जरिए नोएडा से आश्रम की ओर जाने वाले वाहनों के लिए यातायात की सुविधा के लिए डायवर्जन की योजना बनाई गई है।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
उन्होंने कहा कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से डीएनडी फ्लाईवे के जरिए आश्रम की ओर जाने वाले वाहन दलित प्रेरणा स्थल, चिल्ला रेड लाइट, अक्षरधाम और सराय काले खां से होते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ेंगे। रजनीगंधा अंडरपास और सेक्टर 16 से डीएनडी के जरिए आश्रम की ओर जाने वाले वाहनों को डीएनडी फ्लाईवे टोल प्लाजा पर यू-टर्न लेने के लिए निर्देशित किया जाएगा और फिर चिल्ला रेड लाइट, अक्षरधाम से होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
