When Rekha Gupta Defeated by Shelly Oberoi: वो महीना भी फरवरी का था, ये महीना भी फरवरी का है। तारीख में महज तीन दिनों का फासला है। आज से ठीक दो साल पहले 22 फरवरी, 2023 को दिल्ली में मेयर पद के लिए हुए चुनाव का नतीजा आया था। लंबे सियासी विवाद के बाद उस दिन दिल्ली मेयर पद के लिए चुनाव हुआ था। तीन नाकाम कोशिशों के बाद आखिरकार दिल्ली मेयर के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई, नतीजा भी आया। उस चुनाव में रेखा गुप्ता को हार का मुंह देखना पड़ा था। कौन जानता था, जो महिला कभी विधायक तक नहीं बनी, पार्षद रहीं और मेयर का चुनाव हार गईं, वो रेखा गुप्ता सीएम बनने वाली हैं।
जब रेखा गुप्ता को मेयर पद के चुनाव में मिली थी हार।
दो साल बाद रेखा गुप्ता के लिए आई दोगुनी खुशी
फरवरी 2023 में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली मेयर पद चुनाव में जीत हासिल की थी। आप उम्मीदवार शैली ओबेरॉय दिल्ली की मेयर चुनी गई थीं और उन्होंने रेखा गुप्ता को हराया था। रेखा गुप्ता को दो साल बाद भाजपा ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से मैदान में उतारा। पहली खुशी तो उन्हें उस वक्त मिली जब उन्होंने आप की बंदना कुमारी को हराया । अब भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया, यानी वो दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। दो साल के संघर्ष के बाद रेखा गुप्ता को दोगुनी खुशी मिली है।
उस वक्त 241 पार्षदों सहित कुल 265 सदस्यों ने मेयर पद के लिए वोटिंग की थी। मतदान करीब दो घंटे तक चला था और इसके बाद मतगणना हुई थी, जिसमें शैली ओबेरॉय को विजेता घोषित किया गया था। रेखा गुप्ता को निराशा हाथ लगी थी।
रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री
दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो चुका है, भाजपा विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगी है। रेखा गुप्ता 20 फरवरी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने शालीमार बाग सीट पर 'आप' की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया।
भाजपा विधायक दल की बैठक में नाम का ऐलान
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 11 दिन के बाद भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया गया है। दिल्ली में 20 फरवरी को मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में होगा। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर निमंत्रण की पहली कॉपी सामने आई है। इस निमंत्रण पत्र में मुख्य सचिव की तरफ से सभी लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। निमंत्रण पत्र के मुताबिक, यह शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के रामलीला मैदान में दोपहर 12 बजे होगा।
इसके साथ ही शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए कुछ दिशानिर्देश भी दिए गए हैं। इसके मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल होने वाले इच्छुक सुबह 11 बजे तक अपना स्थान ग्रहण कर लेंगे। यह निमंत्रण पत्र केवल एक ही व्यक्ति के लिए वैध है।
कब होगा दिल्ली की मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण समारोह के टाइमटेबल के मुताबिक, 11-12 बजे के बीच शपथ समारोह के गेस्ट आएंगे और अपनी सीट लेंगे। 12:10 बजे मनोनीत मुख्यमंत्री और मनोनीत मंत्री आएंगे। 12:15 बजे एलजी शपथ समारोह में पहुंचेंगे। 12:20 बजे केंद्रीय गृह मंत्री और अन्य नेता पहुंचेंगे। 12:25 बजे प्रधानमंत्री मोदी आएंगे। वहीं, 12:30 बजे बैंड की धुन पर राष्ट्रगान होगा। 12.35 बजे एलजी मुख्यमंत्री को शपथ दिलाएंगे।
कार्यक्रम के संबंध में सभी तैयारियां संपन्न हो चुकी हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भी दिल्ली पुलिस सहित अर्धसैनिक बलों के जवान कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगे। जांच पड़ताल के बाद ही कार्यक्रम में लोगों को अंदर जाने की इजाजत दी जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
