Delhi-NCR Rain Forecast: उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी के बीच मौसम तेजी के साथ करवट ले रहा है। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में सर्दी के सितम के बीच मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) एक्टिव होने से राजधानी, नोएडा-ग्रेटर नोएडा समेत कई इलाकों में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के बाद बादल छटने से एक बार फिर कड़ाके की सर्दी का एहसास हो सकता है। इतना ही नहीं पश्चिमी विक्षोभ के चलते पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले एक हफ्ते तक बारिश होने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ बर्फबारी शुरू हो गई है। कुल्लू और रोहतांग में अटल सुरंग के दक्षिण पोर्टल (एसपी) के पास फंसे 300 पर्यटकों को पुलिस ने बचाया है। फिलहाल, सुबह से कोहरा छाया हुआ है।
बारिश होने की पूरी संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार यानी आज दिल्ली समेत आसपास के जिलों में बारिश होने की पूरी संभावना है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में भी इजाफा होगा। हालांकि, बादलों की आवाजाही से फिलहाल लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। मंगलवार को धूप देखने को नहीं मिली, जिससे दिन का तापमान बेहद कम रहा। हरियाणा और पंजाब में भी घना कोहरा कायम है। पानीपत और बठिंडा समेत अन्य जिलों में विजिबिलिटी जीरो से 10 मीटर तक नजर आ रही है।
आगे 5 दिन ऐसा रहेगा मौसम
आईएमडी के मुताबिक, एक फरवरी को भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने की संभावना प्रबल है। इस दौरान घने बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की उम्मीद है। हालांकि, दो फरवरी को मौसम शुष्क हो जाएगा, लेकिन आंशिक बादल रहेंगे। अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान घटकर 8 डिग्री रह सकता है। फिर 3 फरवरी की शाम एक बार फिर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इस दौरान भी अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक रह सकता है। 4 और 5 फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा।
कोहरे के कारण ट्रेनें लेट
बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी और एनसीआर के कुछ हिस्सों में कोहरे की घनी परत छाई है। एम्स क्षेत्र में विजिबिलिटी बेहद कम नजर आ रही है। वहीं, घने कोहरे के कारण आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनें विलंबित और रद्द होने से यात्रियों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। अभी भी विमान और रेल सेवाओं पर इसका प्रभाव देखने को मिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली हवाई अड्डे पर कई विमानों का संचालन प्रभावित हुआ। जबकि, ट्रेनें बड़ी संख्या में अपने निर्धारित समय से देरी से दिल्ली पहुंच रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
