दिल्ली

Rain in Delhi: दिल्ली-एनसीआर में सर्दी-कोहरे की दोहरी मार, हल्की बारिश ने किया लोगों को परेशान

Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की सर्दी के बीच कोहरे का डबल अटैक परेशानी का सबब बना हुआ है। आईएमडी ने पांच फरवरी तक मौसम में उतार चढ़ाव के साथ बारिश की आशंका जताई है।

Image

दिल्ली-एनसीआर में सर्दी

Photo : BCCL

Delhi-NCR Weather Update: इन दिनों देश के उत्तरी भाग में सर्दी का कहर देखने को मिल रहा है। उसके साथ कोहरे की दोहरी मार ने लोगों को परेशान कर रखा है। बुधवार की सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर के जिलों नोएडा-ग्रेटर नोएडा में कोहरे की चादर छाई हुई है। मंगलवार को दिन में धूप गायब रही, जिससे दिन के तापमान में कमी से ठिठुरन का एहसास होता रहा। इसी बीच मौसम विभाग ने दिल्ली समेत एनसीआर के कुछ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इतना ही नहीं, बारिश से पहले तेज हवाएं यानी आंधी की भी आशंका जताई है। आईएमडी के मुताबिक, बादलों की आवाजाही के बीच इस दौरान तापमान में कुछ वृद्धि दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को सर्दी से तो राहत मिलेगी, लेकिन सूर्य बादलों के पीछे छिपता नजर आएगा। तो आइये जानते हैं आगे पांच दिन आपके शहर में मौसम किस तरह करवट बदलेगा?

अगले पांच दिन ऐसा रहेगा मौसम

आईएमडी के मुताबिक, 31 जनवरी को आंधी के साथ बारिश होगी तो एक फरवरी को भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इस दौरान घने बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की उम्मीद है, जबकि दो फरवरी को मौसम शुष्क हो जाएगा, लेकिन आंशिक बादल रहने से धूप कम ही देखने को मिलेगी। वहीं, अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान घटकर 8 डिग्री रह सकता है। उसके आगे 3 फरवरी की शाम एक बार फिर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान भी अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक रह सकता है। 4 और 5 फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा।

दिल्ली में 12 सालों की सबसे ठंडी जनवरी

मौसम विभाग ने बताया कि इस साल जनवरी में दिन के समय पांच दिन शीतलहर की स्थिति रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम हो तो दिन में शीतलहर घोषित की जाती है। जनवरी में अबतक के मौसम का हाल देखें तो महज चार दिन 15, 16, 28 और 30 जनवरी को तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया, लेकिन अन्य सभी दिनों में यह सामान्य से नीचे रहा है। वहीं, कोहरे ने छटने का नाम नहीं लिया। इस महीने में कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार में ब्रेक लगा दिया तो वहीं हवाई यात्राएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। बुधवार को भी घना कोहरा छाए रहने से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आनंद विहार से जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। तो कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से चल रही हैं। ऐसे में यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आज सुबह 5:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट यानी कि पालम एरिया में विजिबिलिटी जीरो मीटर दर्ज की गई है। कल की तरह आज भी राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में कोहरा देखने को मिल रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ रहा कमजोर

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार कोहरे की वजह से जनवरी अधिक ठंडी रही है। हालांकि, पहाड़ों पर आए कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस( पश्चिमी विक्षोभ) का असर इस बार मैदानी इलाकों तक नहीं पहुंच पाया। आमतौर पर देखा जाता है कि जनवरी में दो से तीन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस राजधानी समेत आसपास के राज्यों पर असर डालते हैं। इनकी वजह से बारिश होती है और ठंडी हवाएं राजधानी में आना रुक जाती हैं। मौसम विभाग ने भी माना है कि पिछले 12 सालों में इस वर्ष जनवरी माह सबसे ज्यादा ठंडा रहा। मौसम विभाग के मुकाबिक, इस जनवरी में अधिकतम तापमान ज्यादातर दिनों में सामान्य से बहुत कम रहा है। यही कारण है कि जनवरी पिछले सालों से अधिक ठंडी प्रतीत हुई। 30 जनवरी तक का औसत अधिकतम तापमान इस महीने 17.7 डिग्री रहा है।

वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली-एनसीआर के जिलों के साथ में बुधवार को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, पहाड़ों पर बर्फबारी से मौसम का मिजाज बदला हुआ है, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, लाहौल स्पीति, चंबा, भरमौर रोहतांग की सड़कों पर बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है। प्रदेश के बाकी जिलों में जमकर बादल बरस रहे है , यहाे भी बर्फबारी हो रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article