दिल्ली में तेज हवाओं से मौसम रहेगा सुहावना
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बीते दिनों की तरह राजधानी दिल्ली में आज भी तेज हवाएं चलेंगी। रिपोर्ट के अनुसार, शहर में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। दोपहर के समय धूप खिली रहेगी लेकिन हवाओं के कारण धूप का असर कम रहेगा। तापमान की बात करें तो आज शहर का न्यूनतम तापमान 16 और अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक रह सकता है।
एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद में आसमान आज साफ रहेगा। धूप खिली रहेगी। दोनों शहरों का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान क्रमशः 32 और 33 डिग्री रह सकता है। आने वाले दिनों में भी शहर का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। अब बात करें नोएडा और गाजियाबाद की तो मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, यहां तेज हवाओं का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। लेकिन बीच-बीच में धीमी गति में हवाएं चलने की संभावना भी है। इस दौरान गाजियाबाद का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री रहेगा, जबकि नोएडा का न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अप्रैल महीने की शुरुआत एनसीआर क्षेत्रों में गर्मी के साथ होने वाली है।
कल कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
दिल्ली में रविवार की ही तरह सोमवार, 31 मार्च यानी कल भी तेज हवाएं चलेंगी। तेज हवाओं के चलने से शहर का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। लोगों को एक और दिन गर्मी से राहत मिलेगी और सुबह-शाम के दौरान हल्की ठंडक बनी रहेगी। कल दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17 और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
