Delhi-NCR Weather Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो गया है। एक सप्ताह से लोगों को सितंबर में जून-जुलाई जैसी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय और उसके आस-पास के क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि इस बारिश से उमस और गर्मी पर कोई असर नहीं पड़ा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना जताई है। बारिश से लोगों को राहत मिलने के आसार हैं। वापसी की कगार पर होते हुए भी उम्मीद की जा रही है कि विदाई से पहले शहर में झमाझम मानसूनी बारिश हो सकती है। आइए आपको बताएं कैसा रहेगा आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल -
दिल्ली में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने गुरुवार को हुई हल्की बारिश के बाद शुक्रवार को भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इससे लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है। गुरुवार को दिल्ली के पालम, दिल्ली विश्वविद्यालय और अन्य कई स्थानों पर बूंदाबांदी और बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान शहर की आबोहवा में भी सुधार देखने को मिला है। शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक में एक्यूआई संतोषजनक श्रेणी में 97 दर्ज किया गया। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज (शुक्रवार, 27 सितंबर) के तापमान की बात करें तो शहर का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
गाजियाबाद में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने एनसीआर क्षेत्र में आने वाले गाजियाबाद जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान शहर में हवाओं के चलने के साथ वज्रपात का अलर्ट है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान शहर के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर, गुरुग्राम और फरीदाबाद को ग्रीन जोन में रखा गया है। इसका अर्थ ये है कि इन शहरों में बारिश की चेतावनी नहीं है। वहीं गाजियाबाद में येलो अलर्ट जारी किया है, यहां हल्की बारिश होने की संभावना है। बता दें कि ग्रीन जोन में होने के बावजूद इन सभी शहरों में बारिश की बौछार होने की संभावना जताई गई है। तापमान की बात करें गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद का अधिकतम तापमान क्रमशः 34 और 33 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं फरीदाबाद और गुरुग्राम का अधिकतम तापमान क्रमशः 30 और 31 डिग्री रह सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
