दिल्ली में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने दिल्ली में आज बारिश की संभावना जताई है। बुधवार देर रात बारिश के बाद आज दिन में रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान में कमी आने की संभावना है। बता दें कि दिल्ली के मौसम में 19 जनवरी से बदलाव देखा जा रहा है। 19 जनवरी के बाद जनवरी महीने का दूसरा सबसे गर्म दिन बुधवार को दर्ज किया गया। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी के स्तर की बाद करें तो वह 55 से 100 प्रतिशत दर्ज किया गया। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक रह सकता है। देर रात हुई बारिश से अधिकतम तापमान में कमी आई है।
इस दिन से होगी ठंड की फिर शुरुआत
मौसम विभाग की मानें तो 25 जनवरी से 27 जनवरी तक एक्टिव हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली के मौसम पर देखने को मिलेगा। इस दौरान अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी कमी आएगी। यहां अधिकतम तापमान 18 से 19 और न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री तक पहुंच सकता है। साथ ही कई इलाकों में हल्का कोहरा भी छाया रहेगा।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गुरुग्राम और हरियाणा में मौसम विभाग ने बारिश की संभावना नहीं जताई है। यहां बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है। दोनों शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक रह सकता है। वहीं गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर की बात करें तो दोनों जिलों में मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कहीं-कहीं हल्का कोहरा भी देखने को मिलेगा। गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर जिले में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री रह सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
