दिल्लीवालों को गर्मी से मिलेगी राहत
दिल्ली में मौसम की चाल आज फिर बदलने लगी है। बढ़ते तापमान को रोकने के लिए और राजधानी वासियों को गर्मी से राहत देने के लिए एक बार फिर तेज हवाएं चलने वाली है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में आज 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में भी कमी आएगी। बता दें कि बीते कुछ दिनों से दिल्ली में सुबह और रात के दौरान मौसम ठंडा बना हुआ है। तेज हवाओं से देर रात के समय ठंडक और बढ़ सकती है। हवाओं के कारण शहर में गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग कि रिपोर्ट के अनुसार, बात करें तो दिल्ली में शुक्रवार और शनिवार को भी तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। तेज हवाओं के कारण तापमान में कमी आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। अप्रैल महीने की शुरुआत को देखते हुए भीषण गर्मी का प्रकोप झेलने की आशंका जताई गई थी। इस बीच मौसम में बदलाव होने से लोगों को राहत मिलने लगी है। लेकिन बता दें कि यह राहत भी दो से तीन दिन की मेहमान है, क्योंकि उसके बाद दिल्ली का तापमान तेजी से बढ़ेगा और अधिकतम तापमान के 40-42 डिग्री से पार हो सकता है। बढ़ते तापमान को देखते हुए अप्रैल महीने के आगामी दिनों में दिल्ली में लू चलने की आशंका भी जताई गई है।
एनसीआर में मौसम का हाल
गुरुग्राम और फरीदाबाद में मौसम साफ और सुहावना बना हुआ है। दोनों शहरों में न्यूनतम तापमान 15 और 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, तो वहीं अधिकतम तापमान 34 और 35 तक जा सकता है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अगले पांच दिन में इन दोनों शहरों का न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है। अब बात करें गाजियाबाद और नोएडा की तो यहां अधिकतम तापमान दोनों शहरों का 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है और न्यूनतम तापमान क्रमशः 18 और 19 डिग्री तक जाएगा। बता दें कि आने वाले दिनों में इन दोनों शहरों का तापमान 39 से 40 डिग्री तक जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के पार दर्ज किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
