Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 27 AUG 2025: दिल्ली-एनसीआर में बीते कई दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। यहां लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। उमस भरी गर्मी से राहत मिल रही है। घरों में चल रहे एसी एक बार फिर बंद होने लगे हैं। पंखे से काम चल रहा है। मंगलवार को शहर में पूरा दिन रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा, जिससे तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग के नाउकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में आज किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। शहर को ग्रीन जोन में रखा गया है। इसका अर्थ यह है कि आज दिल्लीवासियों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने शहर में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना भी जताई है। यदि बारिश होती है तो शहर का मौसम सुहावना बना रहेगा। अगर नहीं तो धूप खिलने से उमस एक बार फिर लोगों को सताएगी।
दिल्ली में बारिश के आसार
आईएमडी ने मौसमी गतिविधियों को देखते हुए 28 अगस्त तक शहर में बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं मध्यम स्तर की बारिश होगी। आईएमडी लगातार मौसमी गतिविधियों पर अपनी नजर बनाए हुए है, जिसके अनुसार समय-समय पर अपडेट और अलर्ट जारी किए जा रहे हैं, क्योंकि दिल्ली का मौसम किसी के मान का नहीं है, यह कभी भी बदल सकता है।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मौसम की चाल बदलने लगी है। यहां आज किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। लेकिन सभी जिलों में शाम तक हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, बीते दिन हुई बारिश से शहर का मौसम सुहावना बना हुआ है। हल्की ठंडक के साथ सुबह की शुरुआत हुई है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले घंटों में भी मौसम खुशनुमा बना रहेगा।
एनसीआर शहरों के तापमान की बात करें तो गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है। वहीं फरीदाबाद का अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक जा सकता है। गाजियाबाद और नोएडा में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27-27 डिग्री के बीच रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
