उत्तर भारत का मौसम ही नहीं पूरा मई महीना रहस्य बन गया है। आमतौर पर मई के महीने में लू और भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिलता था, लेकिन इस साल मई के महीने में बेमौसम झमाझम बारिश देखने को मिल रही है। एक्टिव हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरे उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है। स्थिति को देखते हुए आगामी दिनों में लू चलने की संभावना भी कम ही नजर आ रही है। यहां तापमान 40 डिग्री के नीचे दर्ज किया जा रहा है। स्थिति को देखते हुए आगामी दिनों में भी दिल्ली-एनसीआर का तापमान 40 के पार जाने की कम ही उम्मीद है। जून के अंत तक मानसून की शुरुआत हो जाएगी।
दिल्ली में कैसा रहेगा आज मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बात करें तो दिल्ली में आज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। सुबह की शुरुआत ही शहर में तेज हवाओं के साथ हुई है। सुबह झोकेदार हवाओं में हल्की ठंडक महसूस की गई है। लेकिन धूप खिलने और दिन चढ़ने के साथ तापमान में वृद्धि होगी। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी में लोग पसीने से तरबतर नजर आएंगे। शाम होते ही मौसम बदलने लगेगा। तेज हवाओं से फिर एक बार लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी और मौसम सुहावना हो जाएगा। इस दौरान दिल्ली का तापमान 40 डिग्री से कम ही बना हुआ है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रह सकता है।
एनसीआर में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज गाजियाबाद और नोएडा में तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं बारिश की बौछार हो सकती है। शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर के समय उमस भरी गर्मी का एहसास होगा। दोनों शहरों का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 37 डिग्री रह सकता है। वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गर्मी का एहसास होगा। यहां न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री रह सकता है।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में 20 मई से 25 मई तक तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं बात करें एनसीआर क्षेत्रों की तो फरीदाबाद और गुरुग्राम में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 21 मई को और 24 मई को शहर में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान 25 मई तक शहर के मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा। एनसीआर क्षेत्र में शामिल गाजियाबाद और नोएडा में भी मौसम की चाल बदली रहेगी। यहां 20 मई से 25 तक बीच-बीच में बारिश होने की संभावना है। यहां 21, 22, 24 और 25 मई को बारिश होने की संभावना जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
