Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 08-Sep-2025: दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलने लगा है। यहां मौसम की अजब-गजब चाल देखने को मिल रही है। तेज धूप के खिलते ही काले बादल छा जाते हैं। कुछ मिनटों की बारिश होती है और फिर आसमान साफ हो जाता है। इससे शहर में उमस और गर्मी बढ़ने लगती है। दिल्ली-एनसीआर में तापमान बढ़ने लगा है। हर पल बदल रहे इस मौसम में वायरल और जुकाम के मामले भी बढ़ने लगे है। आगामी दिनों में भी शहर का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल-
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कभी धूप तो कभी कालें बादल छाए हुए हैं। बादलों की आवाजाही में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो रही है, जिससे उमस बढ़ रही है और गर्मी महसूस की जा रही है। दिल्ली में बारिश की कमी होने से तापमान बढ़ने लगा है। साथ ही बाढ़ का खतरा भी कम हो गया है। यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे कम होता दिख रहा है। आगामी दिनों में स्थिति में और सुधार होने की संभावना है।
आज दिल्ली में तेज धूप खिली रहेगी। भारी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है। अब बात करें तापमान की तो शहर का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सिसय और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होने के आसार हैं।
एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली से सटे गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में तापमान बढ़ रहा है। यहां भी तेज धूप खिली हुई है और बारिश के आसार कम नजर आ रहे हैं। कल शहर में तेज खिली धूप के बीच अचानक काले बादल आए और 3 से 4 मिनट की बारिश होकर रुक गई। इससे तापमान और उमस दोनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। उसी प्रकार आज भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। तेज धूप के बीच बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और बीच में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होने की संभावना है। तापमान की बात करें तो आज गाजियाबाद और नोएडा में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं गुरुग्राम और फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान क्रमशः 26 और 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
