Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 04-May-2025: दिल्ली-एनसीआर में बारिश के कारण मौसम सुहावना और खुशनुमा बना हुआ है। यहां लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। सुबह और शाम के दौरान हल्की ठंडक भी महसूस हो रही है। एसी और कूलर की जरूरत कम पड़ रही है। मौसम इतना सुहावना है कि पंखे से लोगों का काम चल रहा है। शुक्रवार को हुई बेमौसम मूसलाधार बारिश के बाद, शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश दर्ज की। बारिश और हवाओं के कारण, शहर के तापमान में 8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी मौसम की यही चाल देखने को मिलेगी। बताया जा रहा है कि 7 मई तक शहर का मौसम सुहावना बना रहेगा। बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। लेकिन 8 मई से फिर मौसम में बदलाव होगा। तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी का सिलसिला फिर शुरू होगा।
दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ होगी बरसात
कैसा रहेगा आज दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज भी दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस बीच शहर का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक रह सकता है। बारिश से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। दोपहर के समय धूप खिली रहेगी, लेकिन गर्मी का एहसास कम रहेगा। बताया जा रहा है कि दिल्ली में 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आगामी दिनों में दिल्ली का मौसम
आईएमडी की मानें तो दिल्ली में 7 मई तक तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहेगा। 8 मई से यहां गर्मी की फिर शुरुआत होगी। 4 मई से 7 मई तक तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। रविवार को बारिश के बाद सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान गिरकर 31 डिग्री पहुंच सकता है। लेकिन 7 मई से तापमान में वृद्धि होने शुरू हो जाएगी। दिल्लीवासियों को बारिश से मिली राहत केवल 7 मई तक की है, उसके बाद उन्हें एक बार फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश
मौसम विभाग ने हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 4 मई से 7 मई तक दोनों शहरों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और बारिश होने की संभावना है। इस दौरान शहर में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, जिसका असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा। बता दें कि दिल्ली की तुलना में यहां तापमान 37 और 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।
नोएडा और गाजियाबाद में बरसेंगे मेघ
दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा में मौसम की चाल बदली हुई है। यहां शनिवार को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश के कारण शहर का मौसम खुशनुमा बना हुआ है, लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। इसके अलावा आईएमडी ने 4 मई से 6 मई तक दोनों शहरों में बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान शहर में तेज हवाएं भी चलेंगी, जिससे तापमान में कमी आएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
