पहले मौसम विभाग ने दिल्ली में मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई थी। लेकिन अचानक स्थिति में आए बदलाव और मूसलाधार बारिश को देख मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह 5 बजे करीब रेड अलर्ट जारी किया और प्रेस ब्रीफिंग कर इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि 1901 के बाद यह दूसरी बार है कि दिल्ली में इतनी अधिक बारिश मई के महीने में हुई है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार सुबह 8 बजे तक 8 सेंटीमीटर बारिश हुई। इस दौरान दिल्ली समेत एनसीआर के कई हिस्सों में भी झमाझम बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में भी कमी आई है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -
दिल्ली में मौसम का हाल
शुक्रवार को दिल्ली में हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट देखी गई है। बीते दिन 40 के पार पहुंचा शहर के तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज शहर का न्यूनतम तापमान 19 और अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक रह सकता है। वहीं बात करें शुक्रवार की तो मूसलाधार बारिश के बीच शहर का तापमान गिरकर 29 डिग्री पहुंच गया था। तापमान में आई गिरावट से दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों का मौसम सुहावना हो गया है। गर्मी से परेशान होने पर चले रहे एसी और कूलर अब बंद हो गए हैं। पंखे में भी हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है।
दिल्ली में आज येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में मौसम विभाग ने आज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार, शहर में आज 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। वहीं रविवार को शहर में बारिश की संभावना जताई गई है। बताया जा रहा है कि यहां रुक-रुककर बारिश हो सकती है। 8 मई तक दिल्ली का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। तेज हवाओं के साथ बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम का हाल
आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, आज फरीदाबाद और गुरुग्राम में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस बीच शहर का अधिकतम तापमान 27 से 28 के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 15 से 16 के बीच रहेगा। बात करें नोएडा और गाजियाबाद की तो दोनों शहरों में आज तेज हवाओं के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 4- से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गौतमबुद्धनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और गाजियाबाद का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। शुक्रवार को हुई बारिश से एनसीआर के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
