Delhi NCR Pollution: दिल्ली-एनसीआर की हवा को साफ करने के लिए अहम बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्र सरकार ने की, जिसमें दिल्ली सरकार, एनसीआर के राज्यों और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी एजेंसियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मकसद प्रदूषण रोकथाम और नियंत्रण के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा करना था। बैठक में सबसे पहले उद्योगों और कारखानों से निकलने वाले धुएं पर नजर रखने के लिए ऑनलाइन कंटीन्यूस एमिशन मॉनिटरिंग स्टेशन लगाने और उनकी निगरानी पर चर्चा हुई। इसके अलावा, प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाने और कचरे के सुरक्षित निस्तारण को लेकर इंटीग्रेटेड मैनेजमेंट प्लान पर जोर दिया गया।
सड़क की धूल और कचरे को कम करने के लिए मैकेनाइज्ड रोड स्वीपर मशीनों की संख्या बढ़ाने का फैसला भी चर्चा का हिस्सा रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क पर जमा धूल प्रदूषण का बड़ा कारण है, और इसे नियंत्रित करना बेहद जरूरी है। बैठक में यह भी तय हुआ कि दिल्ली और एनसीआर में हरियाली बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को मिशन मोड में चलाया जाएगा। इसके तहत ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाए जाएंगे, ताकि लंबे समय तक प्रदूषण पर लगाम लगाई जा सके।
कचरा फैलाने से बचना होगा
केंद्र ने साफ कहा है कि दिल्ली-एनसीआर की हवा को साफ बनाने के लिए सरकार अकेले कुछ नहीं कर सकती। इसमें जनता की भी बड़ी भूमिका है। कचरा फैलाने से बचना, वाहन का कम इस्तेमाल करना और पौधे लगाना जैसे छोटे-छोटे कदम मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं।
सरकार और एजेंसियों ने भरोसा जताया है कि सभी पक्षों के सहयोग से दिल्ली-एनसीआर की हवा को बेहतर बनाने के प्रयास तेज़ी से आगे बढ़ेंगे। अब देखना होगा कि इन फैसलों का असर आने वाले महीनों में प्रदूषण के स्तर पर कितना दिखता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
