दिल्ली

Delhi-NCR में आंधी-तूफान के साथ जमकर हुई बारिश, लबालब हुई सड़कें, जलजमाव के कारण थमी वाहनों की रफ्तार

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात तेज आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश से कई स्थानों पर जलजमाव हो गया है। पानी घुटनों तक भरा हुआ है। सड़क पानी से लबालब हो गई है, जिसके कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर सुबह-सुबह भारी जाम देखने को मिला।

Image

दिल्ली में मूसलाधार बारिश के बाद सड़कों पर जलजमाव

Photo : ANI

Delhi Rain: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में मौसम विभाग ने बीते दिन यानी शनिवार (24 मई) शाम को आंधी-बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था। उस दौरान बताया गया था कि अगले 3 से 4 घंटों के भीतर राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में आंधी के साथ भारी बारिश होगी। रेड अलर्ट के बाद शनिवार और रविवार की दरमियानी रात दिल्ली एनसीआर क्षेत्रों में तेज आंधी चली, जिसके बाद गरज-चमक के साथ शहर में मूसलाधार बारिश हुई। भारी बारिश और हवाओं से गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिली। लेकिन इस बीच कई स्थानों पर तबाही का मंजर भी देखने को मिला। दिल्ली-एनसीआर में कई स्थानों पर आंधी-बारिश के कारण पेड़ गिर गए तो कहीं बिजली के पोल और बिजली की तार टूटने से बिजली बाधित हुई। वहीं भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर लोगों को जलभराव की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है।

मूसलाधार बारिश से गर्मी से मिली राहत

दिल्ली में रात 2 बजे शुरू हुई बारिश सुबह करीब 5:30 बजे तक होती रही। दिल्ली के साथ गाजियाबाद, नोएडा समेत आसपास के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चली थी। मौसम विभाग ने बारिश की स्थिति को देखते हुए पहले ही लोगों के लिए चेतावनी जारी कर दी थी कि लोग खुली जगहों से बचें और पेड़ों के नीचे शरण न लें। साथ ही जल निकायों से भी दूर रहने के लिए कहा गया था।

आंधी-तूफान में उखड़े कई पेड़, बिजली रही बाधित

दिल्ली समेत गाजियाबाद और नोएडा में हुई तेज बारिश के कारण बिजली व्यवस्था बाधित रही। इस दौरान कई इलाकों में बिजली काट दी गई तो कई स्थानों पर बिजली के पोल गिरने और लाइन टूटने के कारण लाइट नहीं आई। तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के कारण पेड़ उखड़ने और शाखाएं टूटने के मामले भी सामने आए हैं।

जलभराव से यातायात व्यवस्था प्रभावित

दिल्ली में देर रात हुई बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव हो गया है। जलजमाव के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई इलाकों में घुटनों तक पानी भरा हुआ है। धौला कुआं इलाके में जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। यहां ट्रैफिक का दबाव भी अधिक है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article