Delhi NCR Aaj ka Mausam, 19 December 2024: दिल्ली एनसीआर में बढ़ती ठंड और कोहरे ने लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज सुबह से ही कई इलाकों में कोहरा छाया हुआ है और शाम तक स्मॉग के साथ धुंध छा जाने की संभावना है। कल के लिए भी कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि दिल्ली में लगातार न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके साथ ही कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार थम गई है।
दिल्ली में आज का मौसम: न्यूनतम तापमान सात डिग्री पर पहुंचा
आज सुबह न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कल न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। शहर के आया नगर में तो तापमान और भी गिरकर 5.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। दिन में कुछ देर के लिए सूरज निकला, लेकिन शाम होते ही कोहरा छा गया। हवा की गति कम होने के कारण कोहरे के साथ स्मॉग भी छा गया। हालांकि, शाम होते ही ठंडी हवाओं ने ठंडक बढ़ा दी। दिन का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था।
दिल्ली में आज का मौसम: कोहरे ने घटाई विजिबिलिटी
हालांकि, पिछले कुछ दिनों की तुलना में ठंड का प्रकोप कम हुआ है, लेकिन दृश्यता में काफी कमी आई है। बुधवार को स्मॉग और कोहरे के कारण सफदरजंग में दृश्यता सुबह 6:30 बजे केवल 50 मीटर रह गई थी। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
दिल्ली में आज का मौसम: आया नगर रहा सबसे ठंडा
शहर के आया नगर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पूसा में 5 डिग्री, नजफगढ़ में 6.3 डिग्री, लोधी रोड में 7 डिग्री और पालम में 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कोहरे और ठंड के जारी रहने की संभावना जताई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलते समय सावधानी बरतें और गर्म कपड़े पहनें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
