दिल्ली

Chhath 2023: छठ में गायब होगा यमुना से झाग, आतिशी ने कहा-हम फेल नहीं, योगी सरकार रोके अपना गंदा पानी

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 16, 2023, 02:35 PM IST

दिल्ली के यमुना घाटों में छठ पर्व से पूर्व नदी में सफेद जहरीला झाग निकलने से बीजेपी और 'आप' आमने सामने हैं। इस पर दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने अगले एक दो दिन में यमुना से झाग साफ करवाने वादा किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से नदी में गंदा पानी छोड़ने पर रोक लगाने को कहा है।

Image

यमुना से 2 दिन में साफ होगा प्रदूषण

Photo : ANI

दिल्ली: राजधानी में वायु प्रदूषण ने जीना हराम कर रखा तो वहीं, अब यमुना में गंदगी को लेकर केजरीवाल सरकार घिर गई है। आज से 3 दिन बाद 19 नवंबर को छठ पर्व मनाया जाना है, जिसके के लिए छठ व्रती यमुना में उतरकर सूर्य को अर्घ्य देते हैं, लेकिन छठ पर्व के पहले यमुना के पानी में सफ़ेद झाग आ जाने से सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भाजपा ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल सरकार यमुना की सफाई करने में बुरी तरह असफल साबित हुई है और इसी कारण पूर्वांचल के लोगों को छठ का त्योहार मनाने में परेशानी हो रही है। इस मामले में दिल्ली की मंत्री आतिशी ने गुरुवार को कहा कि अगले एक या दो दिनों में यमुना में फैला जहरीला झाग छठ पूजा के लिए साफ कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से नदी में गंदा पानी छोड़ने पर रोक लगाने को कहा है।

बुराड़ी छठ घाट का निरीक्षण

आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने गुरुवार की सुबह बुराड़ी छठ घाट के निरीक्षण के दौरान यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था की है। चार दिवसीय त्योहार छठ को श्रद्धालु बेहद धूमधाम से मनाते हैं। यह पर्व 17 नवंबर को शुरू होगा, जिसमें लोग उपवास करते हैं और आखिरी दो दिन सूर्य देव को 'अर्घ्य' देते हैं। बड़ी संख्या में लोग बुराड़ी जैसे घाटों पर प्रार्थना करने के लिए इकट्ठा होते हैं।

झाग हटाने के लिए रसायन का प्रयोग

आतिशी ने कहा कि यमुना नदी में फैला झाग साफ करने का काम चल रहा है। दिल्ली जल बोर्ड की टीमें नावों का उपयोग करके झाग हटाने के लिए रसायनों और एंजाइमों का छिड़काव कर रही हैं। झाग एक या दो दिनों में साफ हो जाएगा, लेकिन मैं उत्तर प्रदेश से आग्रह करना चाहती हूं कि प्रदूषित पानी नदी में न छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि नदी के कालिंदी कुंज की तरफ वाले भाग में जो पानी आ रहा है, वह उत्तर प्रदेश बैराज से आ रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

End of Article