Delhi metro: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) यात्रियों को बड़ी सौगात देने जा रहा है। मेट्रो ने अपने दो मेट्रो स्टेशन राजेंद्र प्लेस और झंडेवालान स्टेशन के हेल्दी डेवलपमेंट का नया प्रस्ताव तैयार किया है। अगर इस प्रस्ताव पर मोहर लग गई तो इन मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को फुटपाथ, साइकिल स्टैंड, कैब पिकअप ड्रॉप प्वाइंट, बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड जैसी कई सुविधाएं मिलेंगी। इससे ब्लू लाइन के यात्रियों को जहां बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, वहीं इसका फायदा इन मेट्रो स्टेशनों के आसपास रहने वाले कॉलोनी के लोगों तक को मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही प्रस्ताव को अप्रूवल मिलेगा, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
डीएमआरसी अधिकारियों के अनुसार राजेंद्र प्लेस और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन के बाहर इन सुविधाओं का विस्तार होने के बाद ब्लू लाइन पर कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि, राजेंद्र प्लेस और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के लिए जेब्रा क्रॉसिंग, फुटपाथ, पिकअप और ड्रॉप पॉइंट, साइकिल स्टैंड, बस स्टॉप और टॉयलट्स जैसी कई नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं, राजेंद्र प्लेस स्टेशन में यात्रियों के बैठने के लिए ग्रीन एरिया और ई चार्जिंग स्टेशन जैसी अतिरिक्त सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके अलावा इन स्टेशनों के अंदर भी यात्रियों के आवगमन को बेहतर बनाने के लिए कई बदलाव किए जाएंगे।
इन दो स्टेशनों के बाद दूसरे मेट्रो स्टेशनों पर भी होगा डेवलपमेंट का कार्य
दिल्ली मेट्रो के अनुसार इन स्टेशनों पर हमेशा यात्रियों की भीड़ रहती है। इसलिए सुविधाओं के विकास के लिए सबसे पहले इन स्टेशनों को चुना गया है। डीएमआरसी अधिकारियों ने बताया कि, इसका प्रस्ताव अप्रूवल के लिए भेजा गया है, जल्द ही सहमति मिल जाएगी। जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू किया जाएगा। इन सभी कार्य में करीब एक माह का समय लग जाएगा। जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कर कुछ माह के अंदर ही इन सुविधाओं का विकास कर दिया जाएगा। अधिकारियों की मानें तो इन स्टेशनों पर निर्माण के बाद आने वाले समय में मेट्रो के दूसरे स्टेशनों पर भी इस तरह के डेवलपमेंट के कार्य किए जाएंगे। यह सभी कार्य इसी साल पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद यात्रियों का मेट्रो स्टेशनों पर आवगमन बेहद आसान और आरामदायक हो जाएगा।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
