दिल्ली मेट्रो, दिल्ली ही नहीं एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, गुरुग्राम जैसे शहरों के लिए लाइफलाइन है। दिल्ली मेट्रों से हर रोज लाखों यात्री अपने घर और दफ्तर के साथ ही अन्य कार्यों के लिए आते-जाते हैं। पिछले दो दशकों में दिल्ली मेट्रो दिल्ली के लिए वरदान साबित हुई है। यही कारण है कि इसका लगातार विस्तार भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली मेट्रो का एक और कॉरिडोर जल्द ही जनता के लिए खोले जाने की तैयारी है। चलिए जानते हैं -
मजलिस पार्क से मौजपुर तक का नया कॉरिडोर जल्द ही जनता के लिए खुलने जा रहा है। इस कॉरिडोर के खुल जाने से पिंक लाइन दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी और सबसे ज्यादा इंटरचेंज स्टेशन वाली लाइन बन जाएगी।
72 किमी 46 स्टेशन और 12 इंटरचेंज
इस विस्तार के बाद दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन की कुल लंबाई 71.6 किलोमीटर हो जाएगी, जिसमें कुल 46 स्टेशन होंगे। पिंक लाइन की खास बात यह है कि इस लाइन पर 12 इंटरचेंज स्टेशन हो जाएंगे, जो दिल्ली मेट्रो की किसी भी लाइन में सबसे ज्यादा हैं।
पिंक लाइन के इंटरचेंज स्टेशन
नया एक्सटेंशन कॉरिडोर खुलने से दो नए इंटरचेंज मजलिस पार्क और मौजपुर इसमें शामिल हैं। जबकि पिंक लाइन पर पहले से आजादपुर, नेताजी सुभाष प्लेस, पंजाबी बाग वेस्ट, राजौरी गार्डन, दिल्ली हाट-INA, लाजपत नगर, मयूर विहार-1, आनंद विहार ISBT, कड़कड़डूमा और वेलकम इंटरचेंज स्टेशन मौजूद हैं।
दिल्ली मेट्रों मे 29 इंटरचेंज
दिल्ली के कोने-कोने तक पहुंच चुकी दिल्ली मेट्रो में फिलहाल 29 इंटरचेंज स्टेशन हैं। अगर तुलना की जाए तो ब्लू लाइन पर 10, येलो लाइन पर 8, रेड लाइन पर 4 और ग्रे लाइन मेट्रोपर सिर्फ 1 इंटरचेंज स्टेशन है।
पिंक लाइन एक्सटेंशन के स्टेशन
पिंक लाइन के इस एक्सटेंशन से कई नए स्टेशन, दिल्ली मेट्रो नेटवर्क में जुड़ जाएंगे। जिनमें बुराड़ी क्रॉसिंग, झरोड़ा माजरा, जगतपुर गांव, सूरघाट, सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा और यमुना विहार शामिल हैं। यह एक्सटेंशन उत्तर और पूर्वी दिल्ली के निवासियों के लिए यात्रा को काफी आसान बना देगा। इससे शहर के अन्य प्रमुख हिस्सों के साथ क्षेत्र की कनेक्टिविटी में काफी सुधार होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
