Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों के लिए खुशखबरी है। दिल्ली मेट्रो का 65 किमी तक विस्तार होने जा रहा है। जिसके बाद दिल्ली वालों को 45 नए मेट्रो स्टेशन मिल जाएंगे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन तीन कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके तहत पिंक लाइन और मैजेंटा लाइन का विस्तार हो रहा है और एक नई लाइन भी बनाई जा रही है, यह नई लाइन सिल्वर लाइन होगी। यह नई लाइन दिल्ली एयरोसिटी से तुगलकाबाद के बीच बनाई जा रही है। पिंक लाइन का विस्तार मजलिस पार्क से मौजपुर तक हो रहा है, वहीं मैजेंटा लाइन में जनकपुरी पश्चिम और आरके आश्रम को कनेक्ट किया जा रहा है।
कब पूरा होगा काम
पिंक लाइन पर 12.3 किमी के कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसपर 50 फीसदी से ज्यादा काम हो चुका है, इसके मार्च 2025 तक पूरा होने की संभावना है। मैजेंटा लाइन पर 29.2 किमी लंबा कॉरिडोर बन रहा है, इसके पूरा होने पर यह कॉरिडोर 37.4 किमी लंबे जनकपुरी पश्चिम-बॉचनिकल गार्डन कॉरिडोर से जुड़ जाएगा। मैजेंटा लाइन विस्तार पर करीब 49 फीसदी सिविल वर्क हो चुका है, यह कार्य मार्च 2026 तक पूरा हो सकता है। सिल्वर लाइन का कॉरिडोर 23.6 किमी लंबा बन रहा है, जिसका निर्माण कार्य 40 प्रतिशत तक हो चुका है और मार्च 2026 तक इसके पूरे होने की उम्मीद है।
तीन लाइनों को जोड़ने वाला इंटरचेंज
डीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार तीनों कॉरिडोर में 45 प्रतिशत से ज्यादा सिविल वर्क पूरा हो चुका है। अभी चौथे चरण के कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है जो अच्छी तरह से आगे बढ़ रहा है। चौथे चरण में आजादपुर मेट्रो स्टेशन ट्रिपल इंटरचेंज फैसिलिटी बन जाएगा। इस स्टेशन पर येलो, पिंक और मैंजेटा लाइनें जुड़ेंगी। अभी तक सिर्फ कश्मीरी गेट पर तीन लाइनों का इंटरचेंज है।
45 नए स्टेशनों पर चलेगी ड्राइवरलेस मेट्रो
सिल्वर लाइन के कॉरिडोर में 15 नए मेट्रो स्टेशन बनेंगे। जिनमें से 11 अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे। पिंक लाइन एक्सेंटशन पर 22 नए मेट्रो स्टेशन होंगे, जिनमें से 7 अंडरग्राउंड और 8 इंटरचेंज स्टेशन होंगे। वहीं मैजेंटा लाइन के कॉरिडोर में 8 नए मेट्रो स्टेशन होंगे। इसमें अंडरग्राउंड और इंटरचेंज का स्टेशन एक भी नहीं होगा। इन सभी नए स्टेशनों पर ड्राइवलेस मेट्रो चलेगी और सभी पर स्टेशन प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर यानी पीएसडी लगे होंगे। इनमें एलिवेटेड स्टेशनों में लगे पीएसडी की ऊंचाई आधी होगी और अंडरग्राउंड स्टेशनों पर पूरी ऊंचाई के पीएसडी लगे होंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
