Delhi AAP Protest: आज दिल्ली मेट्रो का ITO स्टेशन कुछ घंटों के लिए बंद किया गया है। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आज 'आप' पार्टी प्रोटेस्ट करने वाली है। जिसके चलते आईटीओ मेट्रो स्टेशन आज यानी 22 मार्च 2024 को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेगा। डीएमआरसी के अनुसार दिल्ली पुलिस के सुझाव पर यह फैसला लिया गया है। DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर यह जानकारी साझा की। आप पार्टी के प्रोटेस्ट का असर दिल्ली के ट्रैफिक पर भी दिखने वाला है। आज कई रास्तों पर भारी जाम देखने को मिल सकता है।
दिल्ली के इन रास्तों से आज बचें
दिल्ली मेट्रो का ITO स्टेशन आज बंद रहने वाला है। इस दौरान यहां से मेट्रो गुजरेगी, लेकिन इस स्टेशन से कोई यात्री चढ़ या उतर नहीं सकेगा। वहीं दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार विशेष व्यवस्था के कारण आज कई रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। इनमें कृष्ण मेनन मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, जनपथ और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड शामिल हैं। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है, कि अगली सूचना तक इन रास्तों से होकर न गुजरें।
बीजेपी नेता कपिल मिश्रा की प्रतिक्रिया
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर पक्ष-विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने कहा है कि केजरीवाल की गिरफ्तारी पर मीडिया की प्रतिक्रिया के लिए मैं सुबह 8:00 बजे से आईटीओ चौक के पास उपलब्ध रहूंगा। उन्होंने इससे पहले भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट लिखकर तंज कंसा कि- 'सत्यमेव जयते। मतलब सत्य की ही विजय होती है।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
