दिल्ली

50 मिनट में मोदीपुरम से दिल्ली पहुंचाएगी रैपिड रेल; डायरेक्ट मेट्रो रूटों से कनेक्ट होगी नमो भारत ट्रेन; इतने किराये में कराएगी सफर

Delhi-Meerut Namo Bharat Train: दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर नई दिल्ली के सराय काले खां से आरंभ होकर मेरठ के मोदीपुरम में समाप्त होता है। 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर मेरठ मेट्रो के लिए 9 अतिरिक्त स्टेशनों के साथ-साथ 16 नमो भारत स्टेशन हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि जून माह से नमो भारत मेरठ के मोदीपुरम से दिल्ली तक फर्राटा भरती नजर आएगी। आइये जानते हैं नमो भारत ट्रेन में सफर करने के लिए कितने रुपये किराया देना होगा?

Image

दिल्ली-मोदीपुरम नमो भारत ट्रेन

Delhi-Meerut Namo Bharat Train: दिल्ली से मेरठ तक का सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब जून माह से नमो भारत मेरठ के मोदीपुरम से दिल्ली के बीच चलेगी। इसके लिए तेजी से काम चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, मेरठ में तीन चरणों में रैपिड रेल कॉरिडोर पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो का संचालन होगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि जून माह तक संचालित होगा। इसके लिए मेरठ में मेरठ साउथ से मोदीनगर के बीच 23 किलोमीटर कॉरिडोर पर अंतिम दिशा की ओर निर्माण कार्य चल रहा है। पहले चरण में मेरठ साउथ से शताब्दीनगर, दूसरे चरण में शताब्दीनगर से बेगमपुल और तीसरे चरण में बेगमपुल से मोदीपुरम तक अप्रैल मई और तीसरे चरण में मोदीनगर तक जून में पूर्ण हो जाएगा। 82 किलोमीटर का सफर महज 50 मिनट में पूरा होगा। मौजूदा समय में 55 किलोमीटर का सफर मेरठ साउथ से न्यू अशोक नगर के बीच हो रहा है, जिसमें करीब 35 से 40 मिनट का समय लग रहा है। आइये जानते है इस ट्रेन के लग्जरी सफर के लिए यात्रियों को कितना किराया देना होगा और दिल्ली से मोदीपुरम तक सफर में कितने समय में पूरा करेगी?

मेरठ मेट्रो के 13 स्टेशन

मेरठ में रैपिड रेल कॉरिडोर में बेगमपुल के अलावा मेरठ में मेरठ सेंट्रल और भैंसाली भी अंडरग्राउंड स्टेशन हैं, लेकिन इन पर केवल मेरठ मेट्रो की सुविधा मिलेगी। नमो भारत और मेरठ मेट्रो की सुविधा शहर में मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन पर ही मिलेगी। मेरठ मेट्रो और नमो भारत के लिए 23 किलोमीटर के सेक्शन में शहर में कुल 13 स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से मेरठ सेंट्रल, भैंसाली और बेगमपुल अंडरगाउंड हैं, शेष एलिवेटेड हैं।

गुरुग्राम मेट्रो से कनेक्ट होगी नमो भारत ट्रेन

इधर, हीरो होंडा चौक पर भी नमो भारत ट्रेन और ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का इंटरचेंज स्टेशन बनेगा। NCRTC ने हीरो कंपनी के साथ हरित क्षेत्र में अंडरग्राउंड स्टेशन तैयार करने की योजना बनाई है। इसके अलावा जयपुर हाईवे के दोनों ओर प्रवेश और निकासी का द्वार तैयार करने की योजना है।

न्यू अशोक नगर-मेरठ साउथ नमो भारत कॉरिडोर

आपको बता दें कि 5 जनवरी को साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे अतिरिक्त खंड को खोल दिया गया था। इस उद्घाटन के साथ नमो भारत ट्रेनों का दिल्ली में शुभागमन हो चुका है। उससे पहले साहिबाबाद और मेरठ साउथ के बीच 9 स्टेशनों के साथ कॉरिडोर का 42 किलोमीटर लंबा हिस्सा परिचालित था। मौजूदा समय में नमो भारत कॉरिडोर का परिचालित खंड 55 किलोमीटर में कुल 11 स्टेशन हैं। 82 किलोमीटर लंबा, दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर नई दिल्ली के सराय काले खां से आरंभ होकर मेरठ के मोदीपुरम में समाप्त होता है। इसमें मेरठ मेट्रो के लिए 9 अतिरिक्त स्टेशनों के साथ-साथ 16 नमो भारत स्टेशन हैं।

नमो भारत कॉरिडोर के स्टेशन के नाम

  • सराय काले खां
  • न्यू अशोक नगर
  • आनंद विहार
  • साहिबाबाद
  • गाजियाबाद
  • गुलधर
  • दुहाई
  • मुरादनगर
  • मोदी नगर दक्षिण
  • मोदी नगर उत्तर
  • मेरठ साउथ
  • शताब्दी नगर
  • बेगमपुल
  • मोदीपुरम

नमो भारत का किराया कितना है?

दिल्ली से मेरठ की दिशा में पहले परिचालित स्टेशन, न्यू अशोक नगर स्टेशन, से मेरठ साउथ तक का किराया स्टैन्डर्ड कोच के लिए 150 रुपये और प्रीमियम कोच के लिए 225 रुपये किराया है। इस सेक्शन पर परिचालन शुरू होने से मेरठ शहर अब नमो भारत के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सीधे जुड़ गया है। इससे यात्रा में लगने वाला समय अब घटकर एक तिहाई कम हो गया है। न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक सिर्फ़ 40 मिनट में यात्रा पूरी हो रही है। कॉरिडोर के बाकी बचे हुए सेक्शन, यानी न्यू अशोक नगर-सराय काले खां और मेरठ साउथ-मोदीपुरम में निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है।

जनवरी में उद्घाटित 13 किलोमीटर के सेक्शन में से 6 किलोमीटर हिस्सा भूमिगत है, जिसमें कॉरिडोर का एक प्रमुख स्टेशन, आनंद विहार शामिल है। नमो भारत ट्रेन भूमिगत सेक्शन में दौड़ रही है। इस सेक्शन में दूसरा स्टेशन न्यू अशोक नगर, एक एलिवेटेड स्टेशन है। दोनों स्टेशन दिल्ली में स्थित हैं। नमो भारत स्टेशनों को इस तरह से डिज़ाइन और निर्मित किया गया है कि उन्हें जहां भी संभव हो, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन जैसे साधन सहजता से मिल सके।

आनंद विहार स्टेशन में सुविधाएं कैसी हैं?

आनंद विहार भूमिगत स्टेशन है। नमो भारत कॉरिडोर के सबसे बड़े स्टेशनों में से एक है। यात्री यहां से मेरठ साउथ की यात्रा महज़ 35 मिनट में तय कर रहे हैं। इस स्टेशन को इस प्रकार डिज़ाइन किया गया है कि यह सार्वजनिक परिवहन के मौजूदा 6 माध्यमों के बीच मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन की सुविधा प्रदान देता है। इसमें स्वामी विवेकानंद (आनंद विहार) और कौशांबी स्थित आईएसबीटी, मेट्रो के दो कॉरिडोर (पिंक और ब्लू लाइन), आनंद विहार रेलवे स्टेशन और सिटी बस स्टैंड शामिल हैं। इस स्टेशन के माध्यम से मेरठ एवं दिल्ली के यात्री मेट्रो, बस अड्डा और रेलवे स्टेशन के जरिए देश के किसी भी कोने तक यात्रा कर सकते हैं।

न्यू अशोक नगर स्टेशन पर सुविधाएं

न्यू अशोक नगर दिल्ली सेक्शन पर परिचालित होने वाला पहला एलिवेटेड नमो भारत स्टेशन है। यहां पर दिल्ली-गाज़ियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन को 20 मीटर की ऊंचाई पर क्रॉस करता है। इतनी ऊंचाई पर पहले से स्थित एवं परिचालित मेट्रो स्टेशन के ऊपर से, बिना सेवा बाधित किए निर्माण करना इंजीनियरिंग की दृष्टि से एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस स्टेशन को 90 मीटर लंबे एफओबी के माध्यम से दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के साथ जोड़ा गया है। यात्री स्टेशन से बाहर सड़क पर निकले बिना ही मेट्रो के न्यू अशोक नगर स्टेशन पहुंच सकेंगे। यही कारण है यह स्टेशन मेरठ से नोएडा तक की यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस स्टेशन से यात्री महज़ 40 मिनट में मेरठ साउथ पहुंच सकेंगे । इस स्टेशन के आसपास के इलाकों जैसे न्यू अशोक नगर, मयूर विहार, वसुंधरा और चिल्ला गांव के यात्रियों की सुविधा के लिए दो प्रवेश निकास द्वार का निर्माण किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article