Delhi: दिल्ली के द्वारका में शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद लड़की और उसके परिवार को परेशान करने वाले 36 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले चार लोगों गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नंगली विहार का निवासी अवनीश सक्सेना 13 मई को बाबा हरिदास नगर इलाके में दिचाऊं-बक्करवाला रोड पर एक खेत में मृत मिला। उनकी मोटरसाइकिल भी सड़क के पास लावारिस हालत में पड़ी हुई मिली थी। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर व्यक्ति की पहचान की और हत्या का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की गई।
समाज में बदनामी करने की धमकी देने पर की सक्सेना की हत्या
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि सक्सेना लगातार एक लड़की पर शादी करने का दबाव बना रहा था। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जब लड़की और उसका परिवार ने सक्सेना का शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया और उससे बचने के लिए दिल्ली छोड़कर चले गए। इसके साथ ही उसके फोन कॉल का जवाब देना भी बंद कर दिया, जिसके बाद सक्सेना ने उन्हें कथित तौर पर समाज में बदनामी करने और शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी देना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान इशांत पासवान (19), राहुल (24), विशाल उर्फ गोलू (28) और देवेंद्र सिंह (24) के रूप में हुई है। इन चारों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
